RTO: अब आपको हर छोटे-छोटे काम के लिए आरटीओ ऑफिस (RTO) नहीं जाना होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय (Union Road Transport Ministry) ने करीब 58 नागरिक-केंद्रित सेवाओं को ऑनलाइन करने का ऐलान किया है। इन सेवाओं में ड्राइविंग लाइसेंस, कंडक्टर लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, परमिट, ओनरशिप ट्रांसफर सहित कुल 58 सेवाएं हैं।
मंत्रालय ने शुक्रवार 16 सितंबर को जारी एक नोटिफिकेशन में इन सेवाओं को ऑनलाइन करने की जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि इन सेवाओं का लाभ पूरी तरह से ऑनलाइन भी हासिल किया जा सकता है, जिससे लोगों के RTO जाने की जरूरत खत्म हो गई है।
मंत्रालय ने बताया कि स्वैच्छिक आधार पर आधार सत्यापन की सहायता से इन सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है।
मंत्रालय का कहना है कि सेवाओं के ऑनलाइन होने से नागरिकों को व्यक्तिगत रूप से RTO आने की जरूरत नहीं होगी, इससे उनका महत्वपूर्ण समय बचेगा और अनुपालन बोझ को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही RTO में आने वाले लोगों की संख्या में कमी आयेगी, जिससे उनके कामकाज में अधिक कुशलता आएगी।
मंत्रालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, कोई भी व्यक्ति जिसके पास आधार संख्या नहीं है, वह सीएमवीआर 1989 के अनुसार संबंधित प्राधिकरण के पास एक वैकल्पिक दस्तावेज जमा करके अपनी पहचान स्थापित करके फिजिकल रूप में ऐसी सेवा का लाभ उठा सकता है।