Greater Noida Air Pollution: ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खराब हवा के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह-शाम पार्कों में टहलने से भी बच रहे हैं। प्रदूषण का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। परेशान स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
बाहर निकलना मुश्किल
शहर में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है। जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वाले लोगों को भी मास्क का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी दलबीर सिंह ने बताया कि शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते आंखों में जलन हो रही है और घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
पटाखों ने बढ़ाई परेशानी
दलबीर सिंह का कहना है कि इस बार दीपावली पर पटाखे छोड़ने को लेकर पाबंदी नहीं थी। इससे प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो गई। उन्होंने प्रशासन से सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की मांग की, ताकि धूल के कण कम हों और लोगों को कुछ राहत मिल सके।
बच्चों पर भी असर
स्थानीय निवासी दिनेश सिंह भाटी ने बताया कि प्रदूषण के कारण अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। छोटे बच्चे भी खराब हवा की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही विदेशों की तर्ज पर कृत्रिम बारिश जैसे विकल्पों पर भी विचार करने की बात कही।
पढ़ाई हुई प्रभावित
दिनेश सिंह भाटी के मुताबिक, प्रदूषण के चलते स्कूल बंद करने पड़े हैं और बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जा रही है। हालांकि, ऑनलाइन पढ़ाई में बच्चों को विषय समझने में परेशानी होती है। उनका कहना है कि प्रदूषण अब केवल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या नहीं रह गया है, बल्कि इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है।
पार्कों में सन्नाटा
जीटा की एक सोसाइटी में रहने वाले कमल प्रकाश ने बताया कि आसपास प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। पहले सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग पार्कों में टहलने जाते थे, लेकिन अब खराब हवा के कारण उन्होंने बाहर निकलना कम कर दिया है। उन्होंने सरकार से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।
स्थायी समाधान की मांग
ग्रेटर नोएडा के निवासियों का कहना है कि हर साल प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। लोगों ने प्रशासन से सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव कराने, धूल पर नियंत्रण रखने और प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

