Site icon News1India

Noida Alert: नोएडा में हाई अलर्ट, दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा चाक-चौबंद

Noida Alert

नोएडा, 9 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली में मौजूदा सुरक्षा हालातों को ध्यान में रखते हुए नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने खास तैयारी की है।

नोएडा-गाजियाबाद बॉर्डर पर पुलिस ने मोर्चाबंदी शुरू कर दी है। चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी फ्लाइवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बंकर बनाए जा रहे हैं। ये बंकर विषम परिस्थितियों में पुलिस के लिए सहायक सिद्ध होंगे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली से सटे इलाकों में अप्रत्याशित घटनाओं की आशंका को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बॉर्डर इलाकों में सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की जा रही है, साथ ही जगह-जगह बैरिकेडिंग और चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है।

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने आरडब्ल्यूए, प्रमुख प्रतिष्ठान, पावर हाउस, मोबाइल टावर, पुलिस थानों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है।

यह भी पढ़े: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पीएम मोदी ने पहली बार सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

पुलिस का कहना है कि इन मॉक ड्रिल्स का मकसद आपातकालीन स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देना है। इसके तहत सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इंटेलिजेंस यूनिट को भी अलर्ट पर रखा गया है।

दिल्ली की सीमा से सटे होने के कारण नोएडा हमेशा से ही रणनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इसी कारण, किसी भी तरह की संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए प्रशासन ने फोर्स को हाई अलर्ट मोड में रखा है।

जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि शहरवासियों की सुरक्षा में कोई चूक न हो। नोएडा पुलिस की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शहर की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और हर स्थिति से निपटने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं।

Exit mobile version