Bihar Assembly Election 2025 Seat Sharing:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान 40 सीटों की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि भाजपा और जेडीयू उन्हें सिर्फ 20 से 25 सीटें देने के पक्ष में हैं। भाजपा, चिराग को नाराज़ नहीं करना चाहती, इसलिए लगातार बातचीत जारी है।
पारस गुट को चिराग का झटका
हाल ही में रालोजपा के वैशाली जिला अध्यक्ष मनोज सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) का दामन थाम लिया। यह कदम पशुपति पारस गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे चिराग की पार्टी को संगठनात्मक मजबूती भी मिली है।
चिराग की जिद और भाजपा की मुश्किल
चिराग पासवान बार-बार कह रहे हैं कि उनकी पार्टी बिहार में कम से कम 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लेकिन भाजपा और जेडीयू का कहना है कि बाकी सहयोगियों को भी हिस्सेदारी देनी है। ऐसे में चिराग को 20-25 सीटों पर ही मान जाना पड़ेगा। अगर वह अपनी मांग पर अड़े रहते हैं, तो गठबंधन की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
उपेंद्र कुशवाहा का शक्ति प्रदर्शन
एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर उपेंद्र कुशवाहा भी दबाव बनाने की तैयारी में हैं। उनकी पार्टी 5 सितंबर को जेडीयू दफ्तर के पास रैली करेगी और यह संदेश देगी कि वह 10 सीटों से कम पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं। इस शक्ति प्रदर्शन से एनडीए में खींचतान और गहराने की संभावना है।
भाजपा-जेडीयू बराबरी पर तैयार
बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से भाजपा और जेडीयू लगभग बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमत हो चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों को 100 से 105 सीटें दी जा सकती हैं। जेडीयू का रुख साफ है कि वह भाजपा से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी।
चिराग को करना पड़ सकता है समझौता
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि चिराग पासवान को अंत में समझौता करना ही पड़ेगा। उन्हें 15 से 20 सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है। नीतीश सरकार पर लगातार हमले करने के कारण जेडीयू उन्हें ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं है।
एनडीए का गणित बिगाड़ सकते हैं चिराग
भाजपा और जेडीयू भले ही बराबरी पर तैयार हों, लेकिन चिराग पासवान की मांग से गठबंधन का गणित बिगड़ रहा है। अगर बात नहीं बनी तो चिराग अकेले चुनाव लड़ने का एलान भी कर सकते हैं। उनकी ओर से “चिराग का चौपाल” नाम का अभियान भी शुरू किया जा रहा है, जिससे वह राज्यभर में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।