Site icon News1India

महाकुंभ में भारी भीड़ के कारण Prayagraj-Varanasi में स्कूल बंद, इतने दिनों की पड़ी छुट्टी

holiday

Prayagraj :  यूपी के प्रयागराज से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, बताया जा रहा है, कि प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। वाराणसी में भी भीड़ की स्थिति को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया जब 17 फरवरी से स्कूलों को फिर से खोलने की योजना थी।

लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या

बता दें, कि रविवार यानि ( 16 फरवरी) को प्रयागराज में भारी भीड़ और जाम के कारण यातायात बाधित हो गया था। लंबी कतारों में फंसे वाहनों की वजह से शहर में अव्यवस्था फैल गई। मेला प्रशासन के अनुसार, महाकुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे शहर में जाम की स्थिति बनी हुई है।

इतने दिनों की पड़ी छुट्टी

इसको ध्यान में रखते हुए, प्रयागराज में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 20 फरवरी तक बंद रहेंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है, और अब स्कूल 21 फरवरी से फिर से खुलेंगे।

बीएसए ने यह भी स्पष्ट किया कि छुट्टी के दौरान ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहकर ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले, प्रयागराज में 16 फरवरी तक स्कूल बंद किए गए थे, लेकिन स्कूल खुलने से ठीक पहले नया आदेश जारी कर दिया गया।

वाराणसी में भी स्कूल 22 फरवरी तक बंद

महाकुंभ स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंच रहे हैं, जिससे वाराणसी में भीड़ बढ़ गई है। इसी कारण वाराणसी में भी कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 22 फरवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्कूलों के अस्थायी बंद होने का मुख्य कारण श्रद्धालुओं की भारी संख्या और शहरों में बढ़ती जाम की स्थिति है।

Exit mobile version