Site icon News1India

Bus Stand : प्रयागराज में सरकारी बसों के सामने कौन चला रहा निजी बसों का खेल?

Bus Stand : प्रयागराज के सिविल लाइंस बस स्टेशन के सामने निजी बसों का संचालन खुलेआम हो रहा है। नियम के मुताबिक, परिवहन निगम के किसी भी डिपो के एक किलोमीटर के दायरे में निजी बसों का संचालन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद निजी बसें सरकारी बसों के साथ खड़ी होकर सवारियां भर रही हैं। कई बार इनके चालक सरकारी बसों से यात्रियों को उतारकर अपनी बसों में बैठा लेते हैं।

रोजाना 50 बसें संचालित

केपी कॉलेज के पास सिविल लाइंस डिपो का अस्थायी बस अड्डा है। यहां से करीब 113 सरकारी बसें लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और जौनपुर समेत कई रूटों पर चलती हैं। इसके ठीक सामने रोजाना 40 से 50 निजी बसों का संचालन हो रहा है। ये बसें जौनपुर, आजमगढ़ और वाराणसी के यात्रियों को बैठाने के लिए सरकारी बसों की कतार में खड़ी होती हैं।

परमिट पर भी सवाल

आरोप है कि निजी बस चालकों के दबदबे के कारण सरकारी बसों के चालक और परिचालक भी विरोध नहीं कर पाते। जब निजी बसें सवारियां भरती हैं तो सरकारी बसें वहां रुकने से बचती हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन निजी बसों के पास स्टेज कैरिज परमिट भी नहीं हैं। इनके चालकों और परिचालकों का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है। यह भी सवाल है कि सभी चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखते हैं या नहीं।

विभागों के दावे

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक रवींद्र कुमार का कहना है कि बस स्टेशन के सामने निजी बसों के संचालन पर कार्रवाई का अधिकार परिवहन विभाग के पास है। इस संबंध में कई बार पत्र लिखा गया है। वहीं, आरटीओ एसपी सिंह ने बताया कि परिवहन निगम के साथ संयुक्त टीम बनाकर पहले भी कार्रवाई की गई है। जल्द ही दोबारा अभियान चलाया जाएगा।

Exit mobile version