‘प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा’ फेम एक्टर की तबीयत बिगड़ी, परिवार ने दी हेल्थ अपडेट — बोले, “डॉक्टर कर रहे हैं लगातार निगरानी”

बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता प्रेम चोपड़ा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। 90 वर्षीय एक्टर को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी में है।

 

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता प्रेम चोपड़ा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 वर्षीय अभिनेता की तबीयत अचानक खराब होने पर उनके परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी जांच कर रही है।

अस्पताल में चल रहा इलाज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेम चोपड़ा को लीलावती अस्पताल में एडमिट किया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उम्र अधिक होने के कारण डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी में रखे हुए हैं। अस्पताल में उनके साथ उनकी पत्नी उमा चोपड़ा, बेटी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं। परिवार ने अपील की है कि फैंस अफवाहों पर ध्यान न दें और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करें।

फिल्मों में रहा शानदार करियर

प्रेम चोपड़ा हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा कलाकारों में से हैं, जिन्होंने 60 70 के दशक में विलेन के रूप में अलग पहचान बनाई। उनकी मशहूर डायलॉग “प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा” आज भी दर्शकों की जुबान पर है। उन्होंने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया, जिनमें दो रास्ते, कटी पतंग, जंजीर जैसी फिल्में शामिल हैं। प्रेम चोपड़ा की राजेश खन्ना के साथ जोड़ी काफी लोकप्रिय रही. दोनों ने मिलकर 19 फिल्मों में काम किया, और अधिकतर बॉक्स ऑफिस पर हिट रहीं.

फैंस कर रहे हैं दुआएं

सोशल मीडिया पर प्रेम चोपड़ा के चाहने वाले उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कई फिल्मी सितारों ने भी उनके परिवार से संपर्क कर उनका हाल जाना।

हाल ही में कई सीनियर एक्टर्स की तबीयत बिगड़ने की खबरों के बीच प्रेम चोपड़ा के अस्पताल में भर्ती होने से इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है।

Exit mobile version