Site icon News1India

Highway Accident : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर चने से भरा ट्रॉला कार पर पलटा, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

राजस्थान में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर बावल के बनीपुर चौक के पास चने से भरा एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह ट्रॉले के नीचे दब गई। इसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई।

गांव से लौट रहा परिवार

जानकारी के मुताबिक, बानपुर की आलू वाली भोलावास गांव निवासी दीपक लंबे समय से अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह रहे थे। कुछ समय पहले परिवार अपने पैतृक गांव आया था। शनिवार को सभी कार से वापस दिल्ली के द्वारका लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनकी कार बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची, तभी चने से भरा ट्रॉला कार पर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

चार लोगों की मौत

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया। कार की खिड़कियां काटकर घायलों को निकाला गया। सभी को बावल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया। हादसे में करीब पांच साल का बच्चा घायल हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉला चालक तेज रफ्तार में था। उसने पहले एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और फिर कार के ऊपर पलट गया।

पहले भी हुए हादसे

इससे पहले अक्टूबर में हरियाणा के सोनीपत जिले में भी भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। बड़वासनी गांव के पास ब्रेजा कार हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि कार सवार गोहाना की तरफ सीएनजी भरवाने जा रहे थे। मृतकों की पहचान बड़वासनी निवासी तेजबीर और कृष्ण तथा दिल्ली के नजफगढ़ निवासी स्वीटी के रूप में हुई थी।

Exit mobile version