Site icon News1India

Road Accident : भाई के अंतिम दर्शन करने जा रही दो सगी बहनों का रास्ते में रोका मौत ने रास्ता,परिवार में मचा कोहराम

Sujangarh Road Accident

Sujangarh Road Accident:राजस्थान के सुजानगढ़ शहर के बाहर सालासर-नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मंगलवार शाम करीब पौने चार बजे दर्दनाक हादसा हो गया। गांव ठरडा के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ब्रेजा और सियाज कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक घायल हो गया।

भाई के अंतिम दर्शन

हादसे में जान गंवाने वाली दोनों बहनें अपने भाई के अंतिम दर्शन के लिए जा रही थीं। लाडनूं से वे अपने पैतृक गांव भवाज की ढाणी (फतेहपुर) रवाना हुई थीं। उनके भाई की विदेश में मृत्यु हो गई थी और बुधवार को उसका शव गांव पहुंचने वाला था। इसी सिलसिले में दोनों बहनें परिवार के साथ शोक जताने और अंतिम दर्शन करने जा रही थीं। रास्ते में सामने से आ रही हरियाणा नंबर की कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

दो बहनों की मौत

मृतकों की पहचान लाडनूं के शहरिया बास निवासी मेहरूनिशा (46), पत्नी राजू खान और डीडवाना निवासी उनकी बहन दौलत बानो (55), पत्नी सलमान खान के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल बालक नौशाद को तत्काल सुजानगढ़ के राजकीय बगड़िया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद हरियाणा नंबर की कार का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए थे। हालांकि, पुलिस ने बाद में चालक को पकड़ लिया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सीआई मुकेश कुमार और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राहत कार्य में हारे का सहारा के संयोजक श्याम स्वर्णकार, एम्बुलेंस चालक नवरत्न बिजारणिया और 108 एम्बुलेंस के रामनारायण ने भी मदद की। दोनों महिलाओं के शव राजकीय बगड़िया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। शवों का पोस्टमार्टम बुधवार को परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।

Exit mobile version