Bollywood News:बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा के घर खुशियों ने दस्तक दे दी है। कपल एक नन्हीं परी के माता-पिता बन गए हैं। पत्रलेखा ने बेबी गर्ल को जन्म दिया है और यह खुशखबरी खुद राजकुमार राव ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की। सुबह-सुबह पोस्ट की गई इस जानकारी ने सोशल मीडिया पर खुशी की लहर दौड़ा दी।
राजकुमार राव ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर एक विशेष पोस्ट साझा किया, जिसमें एक प्यारा सा बेबी यूनिकॉर्न बना हुआ है। पोस्ट पर लिखा है, “आज हम खुद को चांद से भी परे महसूस कर रहे हैं, क्योंकि आशीर्वाद के रूप में हमारे घर बेबी गर्ल आई है।” इस खूबसूरत पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “भगवान ने हमारी चौथी शादी की सालगिरह पर हमें सबसे बड़ा आशीर्वाद दिया है।” उनके इस पोस्ट के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई।
बता दें कि राजकुमार राव और पत्रलेखा ने 15 नवंबर 2021 को चंडीगढ़ में एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों लगभग 11 साल तक एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में रहे और फिर शादी के बंधन में बंधे। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और फैंस ने उनके इस नए सफर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी थीं। अब शादी की चौथी सालगिरह पर ही उनके घर बेबी गर्ल का जन्म होना उनके लिए डबल सेलिब्रेशन बन गया है।
कपल की इस खुशखबरी को सुनकर बॉलीवुड सितारों ने भी बधाई देना शुरू कर दिया है। एक्टर वरुण धवन ने कमेंट कर लिखा, “आपका गर्ल क्लब में स्वागत है दोस्तों।” गौरतलब है कि वरुण धवन भी बेबी गर्ल के पिता हैं। वहीं अभिनेता अली फजल ने खुशी जताते हुए लिखा, “ओह गॉड, यह बहुत सुंदर खबर है। आप दोनों खूबसूरत लोगों को ढेर सारी बधाई।” अली फजल और ऋचा चड्ढा भी हाल ही में एक बेटी के माता-पिता बने हैं।
इससे पहले, 9 जुलाई को कपल ने सोशल मीडिया पर अपनी पहली प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। उन्होंने एक तस्वीर साझा कर लिखा था, “बेबी ऑन द वे।” तभी से उनके फैंस इस खुशी का इंतजार कर रहे थे और अब यह इंतजार पूरा हो गया है। राजकुमार राव और पत्रलेखा के घर आई यह नन्हीं खुशबू अब सभी का दिल जीत रही है।










