Akshaya Navami 2026: उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में बुधवार, 18 नवंबर को अक्षय नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना की और उसकी छांव में पारंपरिक तरीके से भोजन तैयार किया। खीर, बाटी, दाल और चोखा बनाने के बाद सबसे पहले भगवान श्रीहरि को भोग लगाया गया। इसके बाद परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों ने एक साथ पंगत में बैठकर भोजन किया।
सुबह से ही आंवले के पेड़ के नीचे जुटने लगे लोग
अक्षय नवमी को लेकर काशी में सुबह से ही उत्साह दिखाई दिया। पूजन और पारंपरिक भोजन बनाने के लिए लोग बाग-बगीचों और मंदिर परिसरों में आंवले के पेड़ तलाशते नजर आए। पेड़ के नीचे अहरा जलाकर चूल्हा तैयार किया गया और पारंपरिक पकवान बनाए गए।
पूजा-अर्चना के बाद भगवान विष्णु को भोजन अर्पित किया गया। इसके बाद लोगों ने प्रसाद के रूप में भोजन ग्रहण किया। कई जगह परिवारों और परिचितों ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोज की परंपरा निभाई।
अक्षय नवमी पर आंवले के पेड़ की पूजा का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी कहा जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने और उसकी छांव में भोजन बनाने की परंपरा है।
मान्यता है कि अक्षय नवमी पर गंगा स्नान, अन्नदान और आंवले के पेड़ के नीचे भोजन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन किया गया दान भी शुभ फल देने वाला माना जाता है।
भगवान विष्णु को प्रिय माना जाता है आंवला
धार्मिक मान्यता के अनुसार, आंवले का वृक्ष भगवान विष्णु को प्रिय है। इसे पीपल और तुलसी की तरह पवित्र माना जाता है। ऐसी मान्यता भी है कि अक्षय नवमी के दिन द्वापर युग का आरंभ हुआ था।
आंवले का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ आयुर्वेद में भी इसे गुणकारी फल माना गया है। इस तरह अक्षय नवमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के सम्मान और परिवार व समाज के बीच मेलजोल का संदेश देता है।
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। News1 india इसकी पुष्टि नहीं करता है।

