Essential Items for Puja Thali:रक्षा बंधन हिंदू धर्म का एक बेहद पवित्र और भावनात्मक त्यौहार है, जो भाई-बहन के रिश्ते को और भी गहरा और मजबूत करता है। इस खास दिन पर बहन अपने भाई की लंबी उम्र,अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उसकी कलाई पर राखी बांधती है। लेकिन राखी बांधने से पहले जो पूजा की जाती है, उसका भी विशेष महत्व होता है।
शास्त्रों के अनुसार, अगर पूजा की थाली में जरूरी चीजें पूरी न हों, तो पूजा अधूरी मानी जाती है और उसका पूरा फल नहीं मिलता। इसलिए जरूरी है कि थाली को पूरी श्रद्धा और सही सामग्री के साथ सजाया जाए। आइए जानते हैं पूजा की थाली में कौन-कौन सी चीजें जरूर होनी चाहिए।
राखी
पूजा की थाली में सबसे जरूरी चीज है राखी। यह सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि बहन की प्रार्थना और भाई के लिए सुरक्षा का प्रतीक होती है। राखी को पहले भगवान के सामने रखकर पूजन करना और फिर भाई की कलाई पर बांधना बेहद शुभ माना जाता है।
चावल और कुमकुम
भाई की आरती करते समय तिलक लगाना जरूरी होता है। इसके लिए कुमकुम और अक्षत (चावल) का उपयोग किया जाता है। यह तिलक भाई के सौभाग्य और लंबी उम्र की कामना के साथ किया जाता है।
दीपक
घी या तेल का दीपक पूजा थाली में जरूर होना चाहिए। दीपक की रोशनी को नकारात्मक ऊर्जा और बुरी नजर से बचाने वाला माना जाता है। आरती करते समय इसका जलना बेहद शुभ माना जाता है।
मिठाई
हर शुभ अवसर पर मीठा जरूरी होता है। पूजा के बाद बहन भाई को मिठाई खिलाती है, जो रिश्ते में मिठास और प्रेम का संकेत होता है।
कलावा और नारियल
कलावा को रक्षा सूत्र और नारियल को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। नारियल को पहले भगवान को अर्पित करना चाहिए और फिर भाई को देना शुभ माना जाता है।
पूजा की थाली को सजाएं श्रद्धा से
रक्षा बंधन सिर्फ राखी बांधने का दिन नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक परंपरा है जिसमें हर चीज का खास महत्व होता है। अगर थाली में ये आवश्यक वस्तुएं न हों, तो पूजा अधूरी मानी जाती है। इस बार रक्षा बंधन पर पूजा की थाली को पूरी भक्ति और नियमों के अनुसार सजाएं और इस त्यौहार को पूरे मन से मनाएं।