Site icon News1India

Jagannath Rath Yatra 2026: पुरी रथ यात्रा में भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत, 200 से अधिक घायल अस्पताल में भर्ती

विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 के पहले दिन गुरुवार को ओडिशा के पुरी में ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक लोगों को चोटें आईं या सांस लेने में तकलीफ हुई। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि प्रशासन ने अब तक मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

रथ निकलते ही उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ मंदिर से बाहर निकलते ही ग्रैंड रोड पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान दम घुटने से एक श्रद्धालु बेहोश हो गया। उसे तत्काल पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) ने राहत अभियान चलाकर कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

अस्पतालों में बढ़ाई गई व्यवस्था

घायलों को पुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल समेत अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल, मेडिकल टीमें और आपातकालीन सेवाएं तैनात कर दी हैं।

बारिश के बीच जारी रही रथ यात्रा

गुरुवार से शुरू हुई जगन्नाथ रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मूर्तियों को गुंडिचा मंदिर ले जाया जा रहा है। इससे पहले शंख, घंटे और जयघोष के बीच चक्रराज सुदर्शन और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथों पर विराजमान कराया गया।

भारी बारिश से भी बढ़ी चुनौती

रथ यात्रा से पहले पुरी में पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 200 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। ओडिशा सरकार ने जल निकासी के लिए हाई कैपेसिटी पंप, अतिरिक्त टीमें और आपातकालीन व्यवस्था तैनात की है ताकि रथ यात्रा प्रभावित न हो।

Exit mobile version