Site icon News1India

बांके बिहारी से महाकाल और वैष्णो देवी तक नए साल पर बदली दर्शन व्यवस्था, जानिए क्या है नए नियम

New Year 2026 Temple Darshan Rules:नया साल 2026 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। हर साल की तरह इस बार भी नए साल के मौके पर मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियों ने दर्शन व्यवस्था में बदलाव करते हुए नए नियम और गाइडलाइन जारी की हैं, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे।

बांके बिहारी मंदिर की नई व्यवस्था

उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में नए साल के दौरान भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक श्रद्धालुओं को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि इस अवधि में भीड़ अत्यधिक हो सकती है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो सकती है।
दर्शन समय: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और शाम 4:15 बजे से रात 9:30 बजे तक।

माता वैष्णो देवी मंदिर (जम्मू) के नियम

जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए श्राइन बोर्ड ने भी नए निर्देश जारी किए हैं। यात्रा से पहले RFID कार्ड प्राप्त करना अनिवार्य होगा और कार्ड मिलने के 10 घंटे के भीतर यात्रा शुरू करनी होगी। दर्शन के बाद 24 घंटे के अंदर श्रद्धालुओं को बेस कैंप लौटना होगा।
दर्शन समय: सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक।

महाकालेश्वर मंदिर (उज्जैन) की गाइडलाइन

मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर में नए साल पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसी कारण 25 दिसंबर से 1 जनवरी तक भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग बंद कर दी गई है। 1 जनवरी को ऑफलाइन बुकिंग भी नहीं होगी।
दर्शन समय: सुबह 4 बजे से रात 11 बजे तक।

राम मंदिर (अयोध्या) में विशेष इंतजाम

अयोध्या के राम मंदिर में भी नए साल पर करीब 2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऑनलाइन पास पहले ही बुक हो चुके हैं। हालांकि दर्शन समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए मार्गों पर गैस हीटर लगाए गए हैं।

खाटू-श्याम मंदिर (सीकर) में ट्रैफिक और दर्शन नियम

राजस्थान के सीकर स्थित खाटू-श्याम मंदिर में नए साल और एकादशी के अवसर पर लगभग 30 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक रींगस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा और VIP दर्शन भी स्थगित रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे 24 विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है।
यात्रा से पहले जान लें जरूरी बातें

यदि आप नए साल 2026 पर मंदिर दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो जारी गाइडलाइनों का पालन करना और यात्रा से पहले पूरी जानकारी लेना बेहद जरूरी है, ताकि आपका दर्शन सुरक्षित और सुगम हो सके।

Exit mobile version