Satish Kaushik ने इन फिल्मों में निभाई हैं यादगार भूमिकाएं  

नई दिल्ली: होली के पावन पर्व पर बॉलीवुड जगत से जुड़ी एक दुखद ख़बर ने सभी को हिला कर रख दिया है। मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर और एक्टर सतीश कौशिक (Satish Kaushik) का 8 मार्च को निधन हो गया। उनके निधन से मनोरंजन जगत को गहरा धक्का लगा है।

उन्होंने अपने दमदार अभिनय से कई भूमिकाओं को यादगार बनाया है। एक अभिनेता के तौर पर ही नहीं बल्कि एक निर्देशक और निर्माता के तौर पर भी उन्होंने कई दमदार फिल्में की हैं। हालांकि, अभिनेता के रूप में दर्शकों ने उन्हें हमेशा याद किया। उन्होंने बड़े पर्दे पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। इनमें से कुछ किरदार हमेशा दर्शकों की याद में बने रहेंगे।


सतीश कौशिक हमेशा सपोर्टिंग रोल की भूमिकाओं में दर्शकों के सामने आए। उन्होंने कभी फिल्म में विलेन का किरदार निभाया तो कभी फनी किरदार, आईए जानते हैं उनके कुछ चर्चित किरदारों के बारे में।

फिल्म मिस्टर इंडिया (Mr India) में  सतीश कौशिक ने बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर (Anil Kapoor) और अभिनेत्री श्रीदेवी (Sridevi) जैसे स्टार के साथ  में ”कैलेंडर” की भूमिका निभाई थी। उनके इस रोल को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।


फिल्म साजन चले ससुराल (Saajan Chale Sasural) में गोविंदा (Govinda) तबु (Tabu)  और करिश्मा कपूर (Karishma Kapoor) के साथ उनकी जुगलबंदी को काफी पसंद किया गया था। ये फिल्म साल 1996 में रिलीज हुई थी। सतीश कौशिक ने इस फिल्म में ”मुथु स्वामी” की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में उन्होंने अपने ह्यूमर से सभी को खूब हंसाया था।


स्वर्ग (Swarg) साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म स्वर्ग में भी उन्होंने बहुत ही कमाल की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में वे गोविंदा के साथ सपोर्टिंग रोल में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके डायलॉग्स और कॉमेडी काफी हिट रहे थे।


फिल्म मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी (Mr. and Mrs. Khiladi) में  सतीश कौशिक ने अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के साथ मिलकर लोगों को खूब एंटरटेन किया था। साल 1997 में इस फिल्म को रिलीज किया गया था। इस फिल्म में सतीश कौशिक ने एक ज्योतिषी की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में वे अक्षय कुमार के मामा बने थे।


आपको बता दें, कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में जन्मे सतीश कौशिक ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1983 में आई फिल्म मासूम (Masoom) से की थी। इसके बाद उन्होंने करीब 100 फिल्मों में काम किया। साल 1993 में उन्होंने फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा (Roop Ki Rani Choron Ka Raja) से फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखा और करीब दर्जन भर फिल्मों का निर्देशन किया। सतीश कौशिक ने वैसे तो हर रोल में काम किया है, लेकिन उनकी कॉमेडी का कोई तोड़ नहीं है।

अचानक इस महान कलाकार के चले जाने से बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है।

Exit mobile version