Site icon News1India

Athletics News: भारत का शानदार आगाज, आशीष यादव ने अमेरिका में रचा इतिहास, जैवलिन थ्रो में जीता सिल्वर मेडल

World Athletics U20: उत्तर प्रदेश के युवा एथलीट आशीष यादव ने अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत का नाम रोशन किया है। 19 वर्षीय आशीष ने जैवलिन थ्रो स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि के साथ प्रतियोगिता में भारत के पदकों का खाता भी खुल गया। खास बात यह है कि आशीष इस स्पर्धा में ओलंपिक चैंपियन और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाद मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं।

74.09 मीटर का थ्रो

आशीष यादव ने प्रतियोगिता के दौरान अपने तीसरे प्रयास में 74.09 मीटर दूर भाला फेंका। यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तो नहीं रहा, लेकिन इसी थ्रो ने उन्हें रजत पदक दिला दिया। इसी साल मार्च में पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में आशीष ने 74.49 मीटर का शानदार थ्रो किया था। इस प्रदर्शन के मुकाबले उनका अमेरिकी प्रतियोगिता में थ्रो 40 सेंटीमीटर कम रहा, फिर भी उन्होंने अपने करियर का अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किया।

गोल्ड से चूके आशीष

जैवलिन थ्रो के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के जान हेंड्रिक हेमैंस ने 80.50 मीटर के शानदार प्रदर्शन के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं डोमिनिका के एडिसन जेम्स ने 73.89 मीटर का थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारत के एक अन्य खिलाड़ी टी धरणीधरन ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने 72.35 मीटर के थ्रो के साथ छठा स्थान हासिल किया। आशीष का प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए बेहद खास रहा।

नीरज के बाद मुकाम

आशीष की उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के इतिहास में नीरज चोपड़ा के बाद वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बने हैं। नीरज ने वर्ष 2016 में पोलैंड में 86.48 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता था। उनका यह प्रदर्शन उस समय वर्ल्ड जूनियर रिकॉर्ड भी बना था, जो आज भी उनके नाम दर्ज है।

लगातार बेहतर प्रदर्शन

आशीष यादव का जन्म 11 अप्रैल 2007 को हुआ था। उन्होंने घरेलू स्तर पर उत्तर प्रदेश और आर्मी का प्रतिनिधित्व करते हुए कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। पटियाला में इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में उन्होंने अंतिम प्रयास में 74.49 मीटर का थ्रो कर U-20 खिताब जीता था। इसके बाद लुधियाना में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में 72.27 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। तुमकुरु में नेशनल जूनियर U-20 प्रतियोगिता में उन्होंने 73.12 मीटर थ्रो कर सिल्वर मेडल जीता था। इसी प्रतियोगिता में रोहन यादव ने 73.37 मीटर के साथ गोल्ड जीता। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर सिल्वर जीतकर आशीष ने भारतीय जैवलिन में नई उम्मीद जगा दी है।

Exit mobile version