Site icon News1India

CWG 2022: सेमीफाइनल में पहुंचे मुक्केबाज अमित पंघाल, लेनन मुलिगन को 5-0 से हराया

भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में गुरुवार को स्कॉटलैंड के लेनन मुलिगन को 5-0 से हराकर पुरुषों के 51 किग्रा (फ्लाईवेट) सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इस जीत के साथ ही पंघाल ने लगातार दूसरे राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पदक पक्का किया। इससे पहले उन्होंने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था।

टोक्यो ओलंपिक में राउंड-16 से बाहर होने के बाद से अपने पहले बड़े टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करते हुए, पंघाल ने मुलिगन पर आसान जीत दर्ज की।

मुलिगन ने शुरुआती दौर की शुरुआत आक्रामक तरीके से की, जबकि पंघाल ने पीछे हटकर दबाव को कम किया। पंघाल ने अंतिम मिनट में मुलिगन के जबड़े पर जबर्दस्त पंच लगाया, जिसके बाद पांच में से चार जजों ने पंघाल को राउंड विजेता घोषित किया।

मुलिगन ने दूसरे राउंड में भी आक्रामक शुरूआत की, लेकिन पंघाल फिर से शांत रहे और अंतिम 90 सेकेंड में उन्होंने आक्रमण शुरू किया। उन्होंने एक ठोस बाएं हुक के साथ राउंड का अंत किया और आसानी से राउंड जीत लिया।

2019 मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पंघाल ने तीसरे दौर में सर्वसम्मति से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने अपने पिछले मुकाबले में वानुअतु के नामरी बेरी को हराया था।

Exit mobile version