Site icon News1India

CWG 2022 DAY 6: छठे दिन भारत ने जीते 5 मेडल, भारत मां के इन सपूतों ने किया नाम रौशन

भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेल 2022 में छठां दिन भी शानदार रहा। छठे दिन भारतीय एथलीटों ने कुल पांच पदक जीते। जूडो में जहां तूलिका मान ने रजत जीता, वहीं, स्क्वैश में सौरव घोषाल, भारोत्तोलन में लवप्रीत और गुरदीप व ट्रैक एंड फील्ड में तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बारबडोस को 100 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत सिंह और गुरदीप सिंह ने जीता कांस्य पदक

भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने बुधवार को पुरुषों के 109 किग्रा भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीता, लवप्रीत ने भारोत्तोलन के 109 किग्रा भार वर्ग के स्नैच राउंड में कुल 163 किग्रा भार उठाया,वहीं, क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 192 किग्रा भार के साथ दोनों राउंड मिलाकर कुल 355 किग्रा भार उठाया।

वहीं,गुरदीप सिंह ने 109 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने कुल 390 किलो वजन (स्नैच राउंड में 167 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 223 किलो) का वजन उठाया।

भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी सौरव घोषाल ने जीता कांस्य पदक

पुरुष एकल स्क्वैश में, सौरव घोषाल ने इंग्लैंड के जेम्स विलस्ट्रॉप को 3-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का पहला एकल पदक जीता। सौरव ने 11-6, 11-1,11-4 से विलस्ट्राप को हराया

भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने जीता कांस्य

भारतीय हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के पदकों का खाता खोला। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए।

मुक्केबाजी में तीन पदक पक्के

भारत के लिए मुक्केबाजी में भी आज का दिन शानदार रहा, मुक्केबाज निकहत जरीन (50 किग्रा), नीतू गंगस (महिला 48 किग्रा) और हुसाम उद्दीन मोहम्मद (पुरुष 57 किग्रा) ने सेमीफाइनल में प्रवेश करते हुए भारत के तीन और पदक पक्के किया। हालांकि, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन लाइट मिडिल वेट क्वार्टर फाइनल में हार गईं, जबकि आशीष कुमार पुरुषों के लाइट हैवीवेट क्वार्टर फाइनल में हार गए।

सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत ने अपने तीसरे ग्रुप मैच में बारबाडोस को 100 रन से हराया। महिला टी20 क्रिकेट में भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2018 में मलेशिया को 142 रन से हराया था। भारतीय टीम इस जीत के बाद ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया पहले पायदान पर काबिज है। वहीं, बारबाडोस और पाकिस्तान की टीम बाहर हो चुकी है।

स्क्वैश में जीता जोशना और हरिंदर पाल की जोड़ी

स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और हरिंदर पाल सिंह संधू की जोड़ी ने श्रीलंका की कुरुप और रविंदू की जोड़ी को हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

हॉकी में भी भारत का रहा जलवा

हॉकी में, भारतीय महिला टीम ने अपने आखिरी पूल ए मैच में कनाडा पर 3-2 से जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, पुरूष टीम ने कनाडा को 8-0 से रौंदते हुए पूल बी में शीर्ष स्तान हासिल किया।

लॉन बाउल्स में भी प्रदर्शन अच्छा रहा

लॉन बाउल्स के राउंड 2 में, लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया की भारतीय महिला जोड़ी ने अपना मैच 23-6 से जीता, जबकि मृदुल बोरगोहेन ने अपने पुरुष एकल मैच में 21-5 से शानदार जीत दर्ज की।

बता दें कि राष्ट्रमंडल खेल 2022 आधे चरण में है और भारत ने अब तक वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक पांच स्वर्ण सहित कुल 18 पदक जीते हैं।

भारत के पदक विजेता

5 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम

6 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान

7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह, सौरभ घोषाल, तेजस्विन शंकर।

Exit mobile version