Site icon News1India

दिलीप टिर्की बने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष,  भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कही बात

भारतीय हॉकी टीम(Indian Hockey Team) के पूर्व कप्तान और ओलंपियन दिलीप टिर्की(Dilip Tirkey) को हॉकी इंडिया का अध्यक्ष चुना गया है

टिर्की ने 1995 से 2010 के बीच 412 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जो कि एक भारतीय रिकॉर्ड है। टिर्की को हॉकी इंडिया के अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया है। टिर्की वर्तमान में ओडिशा हॉकी प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वह राज्यसभा के पूर्व सदस्य भी हैं।

सुचारू चुनाव कराने के लिए अधिकारियों और एफआईएच की सराहना करते हुए, टिर्की ने ट्वीट किया, ”मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।”

अध्यक्ष चुने जाने पर टिर्की ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान भुवनेश्वर में जनवरी की शुरुआत में 2023 विश्व कप(World Cup) आयोजित करने पर होगा। उन्होंने कहा, ”हमें पिछले सदस्यों द्वारा किए गए अच्छे काम को जारी रखना चाहिए। भारत ने ओलंपिक कांस्य पदक जीता और हमें विश्व कप फाइनल में पहुंचने का प्रयास करना चाहिए। हमारी सारी ऊर्जा भुवनेश्वर और राउरकेला में विश्व कप पर केंद्रित होगी।”

टिर्की ने 1995 में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था और तीन ओलंपिक – अटलांटा (1996), सिडनी (2000) और एथेंस (2004) में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने कई विश्व कप, एशियाई खेलों, एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। 2010 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने के बाद, टिर्की 2012 में बीजद के टिकट पर राज्यसभा के लिए चुने गए।

Exit mobile version