Site icon News1India

FIFA World Cup 2026, अर्जेंटीना, इंग्लैंड सेमीफाइनल के महामुकाबले में होगी कांटे की टक्कर, कौन इतिहास रच लिखेगा नया अध्याय

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल फुटबॉल प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। गुरुवार को अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने उतरेंगी। अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया, जबकि इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई। अर्जेंटीना इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहा है और उसने अपने सभी छह मुकाबले जीते हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड ने छह में से पांच मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

पुराना है मुकाबले का इतिहास

वर्ल्ड कप के इतिहास में यह दोनों टीमों की छठी भिड़ंत होगी। अब तक हुए पांच मुकाबलों में इंग्लैंड ने तीन मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना ने दो जीत दर्ज की हैं। हालांकि, नॉकआउट मुकाबलों की बात करें तो अर्जेंटीना का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। दोनों देशों के बीच यह प्रतिद्वंद्विता 1962 के वर्ल्ड कप से शुरू हुई थी, जब इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में अर्जेंटीना को 3-1 से हराया था। इसके बाद 1966 के वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज की और बाद में पहली बार विश्व चैंपियन भी बना। उस मुकाबले में अर्जेंटीना के कप्तान एंटोनियो रैटिन के रेड कार्ड को लेकर काफी विवाद हुआ था।

माराडोना की यादगार जीत

1986 के मैक्सिको वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच खेला गया मुकाबला आज भी फुटबॉल इतिहास के सबसे चर्चित मैचों में गिना जाता है। इस मैच में डिएगो माराडोना ने पहले ‘हैंड ऑफ गॉड’ गोल किया और फिर शानदार सोलो गोल दागकर अर्जेंटीना को 2-1 से जीत दिलाई। इसके बाद 1998 के वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं, लेकिन पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने 4-3 से मुकाबला अपने नाम किया। वहीं 2002 के वर्ल्ड कप में डेविड बेकहम की पेनल्टी की बदौलत इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज कर पुरानी हार का बदला लिया था।

अर्जेंटीना का शानदार रिकॉर्ड

सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का रिकॉर्ड बेहद शानदार माना जाता है। टीम अब तक वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में कभी नहीं हारी है। उसने 1930 में अमेरिका, 1986 में बेल्जियम, 1990 में इटली, 2014 में नीदरलैंड और 2022 में क्रोएशिया को हराकर हर बार फाइनल में जगह बनाई। पिछले चार वर्ल्ड कप में यह तीसरी बार है जब अर्जेंटीना अंतिम चार में पहुंचा है। लगातार बड़े मुकाबलों में टीम का प्रदर्शन उसकी मजबूती और अनुभव को दर्शाता है।

रोमांचक मुकाबले की उम्मीद

अब दोनों टीमें अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में आमने-सामने होंगी, जहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। एक ओर अर्जेंटीना अपनी जीत की लय बनाए रखना चाहेगा, जबकि इंग्लैंड पुराने रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए फाइनल का टिकट हासिल करने की कोशिश करेगा। फुटबॉल प्रशंसकों की नजर इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी है, क्योंकि दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मैच वर्ल्ड कप इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ सकता है।

Exit mobile version