फुटबॉल के मैदान पर जीत के लिए खिलाड़ी अपनी पूरी ताकत लगा देते हैं। गेंद पर कब्जा जमाने और गोल करने की कोशिश में कई बार खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर भी हो जाती है। लेकिन स्पेन में हुए एक मुकाबले के दौरान ऐसी दर्दनाक घटना हुई, जिसने पूरे फुटबॉल जगत को स्तब्ध कर दिया। मैच के दौरान गोलकीपर से टकराने के बाद घायल हुए खिलाड़ी जीसस डी मिगुएल अलामेडा की अस्पताल में मौत हो गई।
उनके निधन की खबर सामने आने के बाद रियल मैड्रिड, बार्सिलोना समेत स्पेन के कई बड़े फुटबॉल क्लबों ने शोक जताया है।
कौन थे जीसस डी मिगुएल?
जीसस डी मिगुएल का जन्म 21 सितंबर 1996 को स्पेन के मैड्रिड में हुआ था। उन्होंने 2015 में लेगानेस बी के साथ अपने सीनियर फुटबॉल करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह इंटरनासियोनल मैड्रिड, फुएनलाब्राडा, यूनियन आदार्वे, नवालकारनेरो और यूनियोनिस्तास डी सलामांका जैसे क्लबों के लिए खेले।
जनवरी 2023 में वह सीडी कास्टेलॉन से जुड़े। इस क्लब के साथ उन्होंने स्पेन के दूसरे डिवीजन में प्रमोशन हासिल करने में योगदान दिया। साल 2025 में उन्होंने सीडी टेनेरिफ का दामन थामा। पिछले सीजन में उन्होंने क्लब के लिए 11 गोल किए थे। महज 30 साल की उम्र में उनका निधन स्पेनिश फुटबॉल के लिए बड़ी क्षति है।
गोलकीपर से हुई जोरदार टक्कर
यह हादसा सोमवार को टेनेरिफ और एफसी अंडोरा के बीच स्पेन के दूसरे डिवीजन में खेले गए मुकाबले के आखिरी पलों में हुआ। डी मिगुएल गेंद की ओर बढ़ रहे थे, तभी अंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो गोल से बाहर निकलकर उसे रोकने पहुंचे।
इसी दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गोलकीपर का घुटना डी मिगुएल की छाती से टकराया और वह मैदान पर गिर पड़े। मेडिकल टीम ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया। कई मिनट तक मैदान पर उपचार देने के बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मुकाबला 2-2 के स्कोर पर रोक दिया गया। इस टक्कर के लिए गोलकीपर ओवोनो को रेड कार्ड भी दिखाया गया।
अस्पताल में हुई खिलाड़ी की मौत
हादसे के बाद डी मिगुएल को दिल का दौरा पड़ा और उन्हें अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया। शुरुआत में क्लब ने उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई थी। हालांकि, बाद में उनकी स्थिति बिगड़ गई।
मंगलवार को सीडी टेनेरिफ ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की। इसके बाद रियल मैड्रिड और बार्सिलोना सहित कई क्लबों ने उनके परिवार, साथियों और सीडी टेनेरिफ के प्रति संवेदना व्यक्त की। स्पेनिश फुटबॉल महासंघ ने भी शोक जताते हुए सम्मान के तौर पर मंगलवार को होने वाले कई मुकाबले स्थगित कर दिए।

