Site icon News1India

FIFA World Cup 2026: नॉर्वे से हार ब्राजील टूर्नामेंट से बाहर, आंसुओं के साथ खत्म हुआ नेमार का विश्व कप सफर

FIFA World Cup 2026: ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर के लिए यादगार नहीं बन सका। अनुभवी कोच कार्लो एंसेलोटी ने 34 वर्षीय नेमार को टीम में शामिल कर सभी को चौंका दिया था। नेमार हाल ही में घुटने की बड़ी सर्जरी से लौटे थे और क्लब फुटबॉल में भी ज्यादा मैच नहीं खेल पाए थे। इसके बावजूद उन्हें मौका दिया गया, क्योंकि माना जा रहा था कि यह उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। लेकिन विश्व कप ट्रॉफी जीतने का उनका सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।

नॉर्वे ने ब्राजील को किया बाहर

राउंड ऑफ 16 का मुकाबला न्यूयॉर्क के मेटालाइफ स्टेडियम में खेला गया, जहां नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। स्कोर भले ही करीबी दिखा, लेकिन मैच में नॉर्वे का दबदबा साफ नजर आया। टीम के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने दो अहम गोल करके ब्राजील को मुश्किल में डाल दिया। मुकाबले के आखिरी पलों में नेमार ने पेनल्टी पर एक गोल जरूर किया, लेकिन तब तक मैच ब्राजील की पकड़ से पूरी तरह बाहर जा चुका था।

हार के बाद छलक पड़े आंसू

जैसे ही अंतिम सीटी बजी, नेमार मैदान पर ही बैठ गए और खुद को संभाल नहीं सके। उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन विश्व कप से बाहर होने का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। यह भावुक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों ने भी नेमार के लिए सहानुभूति जताई और उनके समर्थन में कई संदेश साझा किए।

चोट ने बिगाड़ा पूरा टूर्नामेंट

नेमार के लिए यह पूरा विश्व कप मुश्किलों से भरा रहा। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले वह फिर चोटिल हो गए थे, जिसके कारण शुरुआती मुकाबले नहीं खेल सके। नॉकआउट मैच में कोच कार्लो एंसेलोटी ने दूसरे हाफ में उन्हें मैदान पर उतारा, लेकिन लंबे समय तक चोट से बाहर रहने का असर उनके खेल में साफ दिखाई दिया। वह अपनी पुरानी लय हासिल नहीं कर पाए और टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।

बिना विश्व कप के खत्म हुआ सुनहरा सफर

मैदान से बाहर जाते समय नेमार के चेहरे पर गहरी मायूसी साफ दिखाई दे रही थी। माना जा रहा है कि यह ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के साथ उनका आखिरी विश्व कप था। हालांकि, उनका अंतरराष्ट्रीय करियर हमेशा याद रखा जाएगा। नेमार ने महान पेले का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा 80 अंतरराष्ट्रीय गोल किए। भले ही वह विश्व कप ट्रॉफी नहीं जीत सके, लेकिन उनकी उपलब्धियां और खेल के प्रति समर्पण उन्हें फुटबॉल इतिहास के महान खिलाड़ियों में हमेशा शामिल रखेगा।

Exit mobile version