अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर और कप्तान राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वह पुरुष T20I क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। राशिद ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान हासिल की। उन्होंने जिम्बाब्वे के बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी को आउट कर विकेटों का दोहरा शतक पूरा किया।
120वें टी20 इंटरनेशनल मैच में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
राशिद खान ने अपने 120वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। जिम्बाब्वे की पारी के नौवें ओवर में उन्होंने तदिवानाशे मारुमानी को LBW आउट किया। मारुमानी केवल 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे और इसी विकेट के साथ राशिद के नाम 200 T20I विकेट दर्ज हो गए।
राशिद ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए शानदार निरंतरता दिखाई है। उनका टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी औसत करीब 13.96 और इकॉनमी रेट लगभग 6.13 रहा है। उनके नाम इस फॉर्मेट में दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 रन देकर 3 विकेट है।
विकेटों के मामले में दूसरे नंबर पर कौन?
पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में राशिद खान अब सबसे आगे हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद 171 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। राशिद खान ने इस उपलब्धि के साथ दूसरे नंबर के गेंदबाज से 29 विकेट की बढ़त बना ली है।
यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का दबदबा माना जाता है, लेकिन राशिद ने अपनी गुगली, लेग स्पिन और सटीक लाइन-लेंथ से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया है।
अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 19 रन से हराया
राशिद खान का यह ऐतिहासिक दिन अफगानिस्तान की जीत के साथ और यादगार बन गया। दूसरे टी20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अपने पांच विकेट सिर्फ 38 रन पर गंवा दिए थे।
इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई और इजाज अहमदजई ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 142 रन की अहम साझेदारी हुई। उमरजई ने महज 50 गेंदों पर 116 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वहीं इजाज अहमदजई ने 53 रन का योगदान दिया।
कप्तान राशिद खान ने भी आखिरी ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए और अफगानिस्तान का स्कोर 20 ओवर में 221/7 तक पहुंचा दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने भी कड़ी टक्कर दी। कप्तान सिकंदर रजा ने 56 गेंदों पर नाबाद 106 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 202/5 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान ने यह मुकाबला 19 रन से जीत लिया।
अफगानिस्तान ने सीरीज पर भी किया कब्जा
इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। टीम ने लगातार दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।
राशिद खान के लिए यह उपलब्धि उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ा अध्याय है। इससे पहले वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में भी 200 विकेट लेने वाले अफगानिस्तान के पहले गेंदबाज बने थे। अब टी20 इंटरनेशनल में 200 विकेट का आंकड़ा छूकर उन्होंने विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान और मजबूत कर ली है।









