Site icon News1India

Football Shock: लाइव मैच में मैदान पर गिरी बिजली, टूटा कहर, एक खिलाड़ी की मौत; 12 घायल

Lightning Strike: थाईलैंड में स्थानीय फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। नराथिवाट प्रांत के सुंगई गोलोक शहर स्थित शांतिफाप स्टेडियम में मैच चल रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। करीब शाम 5:30 बजे मैदान के बीचोंबीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में कई खिलाड़ी आ गए और देखते ही देखते मैदान में अफरा-तफरी मच गई।

सोफवान ने तोड़ा दम

इस हादसे में 24 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी सोफवान अवारे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। मैदान में मौजूद मेडिकल रिस्पॉन्स टीम ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार देने और होश में लाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशें काम नहीं आईं। गंभीर चोटों और बर्न इंजरी के कारण सोफवान की मौत हो गई। पुलिस ने भी घटना की पुष्टि की है।

कई खिलाड़ी अस्पताल में भर्ती

बिजली गिरने की घटना में सोफवान के अलावा 12 अन्य खिलाड़ी भी घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद मेडिकल टीम और स्टेडियम में मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला। कई खिलाड़ियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अचानक हुई इस घटना से मैदान में मौजूद खिलाड़ी, अधिकारी और दर्शक बुरी तरह सहम गए।

कैमरे में कैद खौफनाक मंजर

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में मैच के दौरान अचानक एक तेज चमक दिखाई देती है और इसके साथ ही जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देती है। बिजली गिरते ही कई खिलाड़ी जमीन पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद स्टेडियम में मौजूद लोग घायलों की तरफ दौड़ते नजर आते हैं। वीडियो ने इस हादसे की भयावहता को सामने ला दिया है।

नए क्लब से हुआ था करार

सोफवान अवारे एक प्रतिभाशाली विंगर के तौर पर खेलते थे। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ दिन पहले ही उन्होंने थाई लीग 3 के प्रमुख क्लब याला एफसी के साथ करार किया था। ऐसे में उनके निधन से क्लब और फुटबॉल जगत में शोक की लहर है। फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड ने भी घटना पर दुख जताते हुए सोफवान के परिवार और उनके क्लब के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Exit mobile version