Site icon News1India

Haryana Election 2024 : हरियाणा के नतीजों से कांग्रेस नाखुश, कहा- तीन जिलों में EVM में हुई गड़बड़

Haryana Election 2024

Haryana Election 2024 : हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे अब लगभग स्पष्ट हो गए हैं। हालांकि, अंतिम परिणाम रात 12 बजे तक चुनाव आयोग द्वारा घोषित किए जाएंगे। मौजूदा नतीजों के अनुसार, बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाती नज़र आ रही है, अब तक 90 में से 40 सीटें जीत चुकी है और 8 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी ओर, कांग्रेस 31 सीटें जीत चुकी है और 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

इस बीच, कांग्रेस(Haryana Election 2024) ने हार मानने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि चुनाव में इस्तेमाल हुई मशीनों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जिन मशीनों में बैटरी का स्तर 99% था, वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा, जबकि जहां बैटरी सामान्य यानी 70% थी, वहां पार्टी ने जीत दर्ज की। खेड़ा ने कहा कि इस संदर्भ में रिपोर्ट मंगवाई जा रही है और इसके बाद चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी कहा कि 3-4 जिलों से अनियमितताओं की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने हरियाणा के नतीजों को चौंकाने वाला बताते हुए कहा कि यह तंत्र की जीत और लोकतंत्र की हार है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे।

यह भी पढ़ें : आरजी कर मेडिकल कॉलेज के 50 डॉक्टरों ने दिया सामुहिक इस्तीफा…

जयराम रमेश ने कहा कि कई ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस की हार की संभावना नहीं थी, लेकिन फिर भी पार्टी को वहां हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने नतीजों को जनता की भावनाओं और जमीनी हकीकत के विपरीत बताया। रमेश ने कहा कि ऐसे नतीजों को स्वीकार करना मुश्किल है, क्योंकि यह जनता की इच्छाओं और प्रतिक्रियाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग के पास जाकर ईवीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएगी और अपनी शिकायत आयोग को सौंपेगी।

Exit mobile version