Site icon News1India

अध्यापकों की कमी को लेकर छात्राओं ने लगाया स्कूल में ताला, प्रदर्शन कर हाईवे किया जाम

रोहतक जिले के बहु अकबरपुर गांव में मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने अध्यापकों की कमी को लेकर स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ कर महम हाईवे रोड़ पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं अपनी मांग को लेकर अड़ी रही। जाम लगने से हाइवे पर वाहनों की लम्बी लम्बी कतारे लग गई।


छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में इंग्लिस, मैथ व साइंस के अध्यापक नहीं है, जिसके कारण उनकी पढाई नहीं हो पा रही है। कई बार जिला शिक्षा अधिकारी को भी इस मामले को लेकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने भी छात्राओं का पूरा समर्थन किया और चेताया कि जब तक स्कूल में अध्यापकों की कमी को दूर नहीं किया जाता है, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। मंगलवार को बहुअबरपुर गांव स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने स्कूल में ताला जडक़र जमकर हंगामा किया।


छात्राओं का कहना था कि सितम्बर महीने से उनके स्कूल में इंग्लिस, मैथ, व साइंस का कोई भी अध्यापक नही है और ऊपर से एक सप्ताह बाद यूटी टेस्ट होने वाले हैं, वह कैसे अपने पेपर दे पाएंगी। छात्राओं ने बताया कि 10 वीं व 12वीं कक्षा बोर्ड की होती है और स्कूल में अध्यापक न होने की वजह से उनका भविष्य खराब हो रहा है। अध्यापकों की कमी को लेकर कई बार शिक्षा अधिकारी से मिल चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नही हुई, जिसके चलते मजबूर सडक़ पर बैठना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वह अपने बच्चों को स्कूल में इस लिए भेज रहे कि उन्हें अच्छी शिक्षा मिले, लेकिन स्कूल में अध्यापक ना होने की वजह से बच्चे खाली बैठकर आ जाते हैं।


ग्रामीणों ने सरकार मांग की कि जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए अन्यथा बच्चों का भविष्य खराब हो जाएगा। मौके पर पहुंचे शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा। छात्राओं ने चेताया कि अगर जल्द अध्यापकों की नियुक्ति नहीं हुई तो वे दोबारा से रोड़ जाम कर देगे।

Exit mobile version