Bihar Road Accident Tragedy: बिहार के अररिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। यह हादसा नरपतगंज थाना क्षेत्र के एनएच-57 पर पलासी मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान उनकी बाइक अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे तीनों बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें इलाज के लिए फारबिसगंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। फारबिसगंज के डीएसपी मुकेश कुमार शाह ने बताया कि मृतकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी वाहन ने टक्कर मारी थी या नहीं।
मृतकों की पहचान सुपौल जिले के रहने वाले मो. अरबाज, समीर और अशरफ के रूप में हुई है। तीनों युवक जोगबनी से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
किशनगंज में भी बड़ा हादसा
वहीं किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में भी रविवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। यह घटना डुमरिया-जियापोखर मुख्य सड़क पर रात करीब 8 बजे हुई। तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी अचानक उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसा इतना भयानक था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक आठगाछी गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान शाहनवाज आलम और फैसल आलम के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
स्कूटी और पिकअप की टक्कर
इसी बीच ठाकुरगंज इलाके में एक और सड़क हादसा सामने आया। कटहल डांगी के पास स्कूटी और पिकअप गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया और दो को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूटी की रफ्तार काफी तेज थी। ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही पिकअप गाड़ी से टक्कर हो गई। इस टक्कर में स्कूटी सवार युवक बुरी तरह घायल हो गए। मृतक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवकों के नाम राहुल और मुकेश बताए जा रहे हैं। इस हादसे में एक ई-रिक्शा भी पलट गया, हालांकि उसमें कोई सवारी नहीं थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
