Site icon News1India

भाजपा के विधायक को PFI से मिली ‘सिर तन से जुदा’ करने की धमकी, पत्र में कहा- ‘मोदी-योगी भी हमारी रडार पर’

पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) ने महाराष्ट्र के भाजपा विधायक विजय कुमार देशमुख को ‘सिर तन से जुदा’ करने की धमकी दी है। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब PFI के खिलाफ पिछले महीने देश भर में सरकार ने प्रतिबंध लगाया है।

बता दें, जाँच एजेंसियों ने जाँच में पाया था कि PFI के आईएसआईएस और जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) जैसे आतंकवादी समूहों के साथ संबंध हैं। जिसके बाद एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने यह निर्णय लिया। PFI की देशद्रोही गतिविधियों के कारण भारत सरकार ने 22 सितंबर 2022 को उस पर और उससे जुड़े 8 अन्य संगठनों पर पाँच साल के लिए UAPA के तहत प्रतिबंध लगा दिया था। जिन संगठनों को प्रतिबंधित किया गया उनमें रिहैब इंडिया फाउंडेशन, कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया इमाम काउंसिल, नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन, नेशनल वीमेन फ्रंट, जूनियर फ्रंट, एम्पावर इंडिया शामिल हैं।

पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में भाजपा विधायक विजय देशमुख ने कहा कि PFI नेता मोहम्मद शफी बिराजदार ने सरकार द्वारा संगठन पर लगाए गए प्रतिबंध से नाराज होकर उनका सिर काटकर हत्या करने की धमकी दी है। यह धमकी एक पत्र के माध्यम से दी गई है। जिस पर सोलापुर पुलिस पत्र की सत्यता की जाँच कर रही है।

शिकायत में आगे कहा कि PFI सदस्य ने आत्मघाती हमलावरों द्वारा अयोध्या के राम मंदिर और मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि जैसे प्रमुख हिंदू मंदिरों को निशाना बनाने की भी धमकी दी है। आरोपितों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ जैसे कई नेता भी उनके रडार पर हैं।

पत्र में लिखा है, ‘अब शुरू हुआ असली जंग। काफिरों, ये तुम्हारे नेता मोदी ने जो गलत काम किया है (प्रतिबंध लगाकर), उसका अंजाम भुगतना ही पड़ेगा। तुम्हारी सरकार ने पहले भी हमारी सिमी पर पाबंदी लगाई थी। उसका नतीजा क्या हुआ, Fail। तुम हमारे PFI पर लाख-लाख कोशिश करो, फिर हम आएँगे।’ आगे लिखा है कि ‘तुम लोग हमारे जैसे जहरीले साँप की पूँछ पर पैर रखी है। अब हमारा घर-घर का बच्चा चुप नहीं बैठेगा। हर घर कसाब, अफजल, यूसुफ, याकूब निकलेंगे। ये बात जान लो।’

Exit mobile version