दिल्ली की आजादपुर मंडी में सब्जियों के थोक भाव देखकर आम ग्राहक चौंक सकता है। जिस आलू के लिए मोहल्ले की दुकानों पर करीब 20 रुपये किलो तक देने पड़ रहे हैं, उसका न्यूनतम थोक भाव मंडी में सिर्फ 2 रुपये किलो है। इसी तरह घर के आसपास 60 रुपये या उससे ज्यादा में मिलने वाला प्याज आजादपुर मंडी में न्यूनतम करीब 20 रुपये किलो बताया गया है।
सब्जियों में बड़ा अंतर
मंडी के न्यूनतम थोक भाव और फुटकर कीमतों में काफी अंतर दिखाई दे रहा है। टमाटर, पालक और तुरई का न्यूनतम भाव करीब 10 रुपये किलो है। बीन्स 30 रुपये और फूलगोभी 15 रुपये किलो के आसपास है। हालांकि इन कीमतों को सीधे खुदरा बाजार का भाव नहीं समझना चाहिए। मंडी में एक ही सब्जी के अलग-अलग क्वॉलिटी के हिसाब से न्यूनतम और अधिकतम रेट में बड़ा अंतर हो सकता है।
गुणवत्ता से बदलता भाव
आजादपुर मंडी की वेबसाइट पर उपलब्ध रेट लिस्ट में सब्जियों के भाव गुणवत्ता और आवक के हिसाब से अलग-अलग दिखाई देते हैं। इसलिए 2 रुपये किलो आलू या 20 रुपये किलो प्याज का मतलब यह नहीं है कि हर दुकानदार इसी कीमत पर सामान बेच रहा है। थोक मंडी से निकलने के बाद परिवहन, छंटाई, खराबे, दुकान का खर्च और अन्य लागत जुड़ने से खुदरा कीमत बढ़ जाती है।
मटर-अदरक महंगे
सब्जियों के अलावा फलों के भाव में भी अलग-अलग क्वॉलिटी के कारण बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। उपलब्ध मंडी भाव के मुताबिक सब्जियों में मटर और अदरक महंगी श्रेणी में हैं, जबकि आलू सबसे कम भाव वाली सब्जियों में शामिल है। फलों में सेब का अधिकतम भाव 180 रुपये किलो तक पहुंच रहा है, जबकि इसकी न्यूनतम कीमत करीब 25 रुपये किलो बताई गई है। अमरूद का भाव भी क्वॉलिटी के अनुसार 10 से 90 रुपये किलो तक है।
फलों के ताजा भाव
आजादपुर मंडी की उपलब्ध सूची के अनुसार केले का भाव 12 से 25 रुपये किलो, अमरूद 10 से 90 रुपये, मौसमी 12 से 40 रुपये, पपीता 10 से 30 रुपये और अनानास 19 से 70 रुपये किलो तक है। तरबूज का भाव 12 से 17 रुपये किलो के बीच बताया गया है। इन सभी फलों में भी क्वॉलिटी और मंडी की आवक के हिसाब से भाव बदल सकते हैं।
दिल्ली में महंगी सब्जियां
दिल्ली के साप्ताहिक और स्थानीय बाजारों में तस्वीर काफी अलग है। सब्जी कारोबारी शिवसागर के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली में प्याज करीब 70 रुपये किलो बिक रहा था। तुरई का भाव 40 रुपये किलो बताया गया। वहीं करेला, भिंडी, मूली, बैंगन, पत्ता गोभी और परवल करीब 60 रुपये किलो तक बिक रहे हैं। इससे साफ है कि थोक और फुटकर बाजार के बीच कीमतों का अंतर काफी बड़ा है।
