Site icon News1India

Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा, कई ‘आप’ विधायकों को सदन से किया गया बाहर

Delhi Assembly

Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा के बजट सेशन के दौरान हंगामा कर रहे आम आदमी पार्टी के विधायकों को स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के निर्देश पर सदन से बाहर कर दिया गया। बाहर होने वाले विधायकों में संजीव झा, कुलदीप कुमार, विशेष रवि, मुकेश अहलावत और जरनैल सिंह शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष आतिशी को भी बाहर निकाल दिया गया।

सदन से बाहर आने के बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के विधायकों ने ‘महिला समृद्धि योजना 2025’ के तहत महिलाओं को हर माह मिलने वाली 2500 रुपये की सहायता राशि को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। आप विधायक हाथ में बैनर लिए प्रदर्शन करते दिखे। बैनर पर लिखा था कि कब आएंगे 2500 रुपये।

Delhi Assembly के अंदर बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल चल रहा था, जिसमें सभी विधायक अपनी-अपनी विधानसभा के मुद्दों को रख रहे थे। लेकिन, दिल्ली सरकार द्वारा सीएजी रिपोर्ट पेश होने से पहले आप विधायक लगातार हंगामा करने लगे, जिसके बाद उन्हें मार्शल आउट किया गया।

Bareilly News: बरेली में किशोरी से दुष्कर्म, अस्पताल में भर्ती, जानें मामला

सदन की कार्यवाही से पहले नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “दिल्ली में मार्च में बिजली का ये हाल है कि पावर कट के कारण लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, तो मई-जून की तपती गर्मी में पीक डिमांड बढ़ने के समय क्या हाल होगा। अरविंद केजरीवाल की सरकार ने 10 सालों तक लगातार दिल्लीवालों को 24 घंटे बिजली दी, लेकिन ‘विपदा’ सरकार ने 1 महीने में ही साबित कर दिया कि 24 घंटे बिजली देना उनके बस की बात नहीं है।”

बताते चलें कि गुरुवार को Delhi Assembly की कार्रवाई के दौरान हंगामा करने वाले आप विधायक संजीव झा, कुलदीप कुमार, विशेष रवि को सदन से बाहर किया गया था। आप विधायकों का आरोप था कि दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल किया। सदन के दौरान जब प्रवेश वर्मा बोल रहे थे, तो लगातार आतिशी की ओर से टोका-टाकी हो रही थी। इस पर प्रवेश ने कहा, “कहां से लाए हो भाई।” इस बयान पर आम आदमी पार्टी के विधायकों का हंगामा बढ़ गया था।

Exit mobile version