Delhi Metro का नया कॉरिडोर देगा बड़ी राहत, नोएडा-गाजियाबाद से नई दिल्ली पहुंचना होगा आसान

दिल्ली मेट्रो का 12.377 किलोमीटर लंबा इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर बनने से नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे राजीव चौक पर भीड़ कम होगी, सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पहली बार मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेगा और झंडेवालान मंदिर सहित कई प्रमुख स्थानों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

Delhi Metro के चौथे चरण के तहत बनने वाला इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर राजधानी और एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। इस नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगा। साथ ही, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम होने की भी उम्मीद है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक सफर होगा आसान

फिलहाल नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर लाइन बदलनी पड़ती है। नए कॉरिडोर के निर्माण के बाद यात्री इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज कर सीधे कम समय में नई दिल्ली स्टेशन पहुंच सकेंगे।

कई प्रमुख इलाके पहली बार होंगे सीधे जुड़े

24 जून को मेट्रो के चरण-5 (ए) के तहत आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके बाद अब 12.377 किलोमीटर लंबे इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण भी शुरू किया जा रहा है। इस परियोजना से सेंट्रल विस्टा, कर्तव्य पथ, वार मेमोरियल समेत कई महत्वपूर्ण स्थान मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।

सराय रोहिल्ला और झंडेवालान तक मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

नए कॉरिडोर से सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन को पहली बार सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। अभी यहां पहुंचने के लिए यात्रियों को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन से करीब एक किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है।

इसके अलावा झंडेवालान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। अभी करोल बाग मेट्रो स्टेशन से पैदल दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि नया स्टेशन बनने के बाद मंदिर तक पहुंचना आसान हो जाएगा। नबी करीम स्टेशन से सदर बाजार और अजमल खान पार्क स्टेशन से करोल बाग मार्केट की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

कॉरिडोर की प्रमुख विशेषताएं

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर मजेंटा लाइन (लाइन-8) का हिस्सा होगा। इसकी कुल लंबाई 12.377 किलोमीटर होगी और इसमें 10 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस रूट पर इंद्रलोक, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट और इंद्रप्रस्थ सहित पांच इंटरचेंज स्टेशन होंगे। इंद्रलोक और नई दिल्ली स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज के रूप में विकसित किए जाएंगे। वहीं नबी करीम स्टेशन मजेंटा लाइन पर पहला ऐसा स्टेशन होगा, जहां इसी लाइन के भीतर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी।

Exit mobile version