Heavy Rain: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। सुबह से छाए काले बादलों के बीच हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी। हालांकि, भारी बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के नोएडा और गाजियाबाद में भी कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिली।
सड़कों पर भरा पानी
लगातार हो रही बारिश का असर दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में साफ नजर आया। सदर बाजार, पार्लियामेंट और मंडी हाउस समेत कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सदर बाजार क्षेत्र में तो बारिश के बाद सड़कें पानी से भर गईं और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। एक ओर बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर जलजमाव ने दिल्लीवासियों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं। नोएडा और गाजियाबाद के कई हिस्सों में भी तेज बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
IMD ने जारी की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए अगले कुछ घंटों को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ समय तक आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं।
सफदरजंग में 32.4 मिमी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे तक 32.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं रिज में 37.6 मिमी और लोदी रोड में 36.7 मिमी बारिश हुई। आयानगर में 4.0 मिमी और पालम में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच रिज में 19.4 मिमी, लोदी रोड में 11.5 मिमी, सफदरजंग में 8.0 मिमी और आयानगर में 3.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस दौरान पालम में बारिश नहीं हुई।
बारिश से गिरा तापमान
बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन जलभराव और खराब मौसम ने यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
