Site icon News1India

दिल्लीवासियों को 500 रुपये में मिलेंगे 10 गैस सिलेंडर, जानें कब से लागू होगी योजना

नई दिल्ली, (आईएएनएस)। दिल्ली में भाजपा सरकार के गठन के बाद दिल्लीवासियों को बड़ी राहत मिली है। भाजपा सरकार ने दिल्लीवासियों को बड़ी राहत देते हुए 500 रुपये की दर पर सालाना 10 गैस सिलेंडर और होली व दीपावली पर दो मुफ्त गैस सिलेंडर देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

दिल्ली के नागरिक एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की पहली बैठक में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई कि इस संबंध में अगले दो दिन में बैठक बुलाई गई है। इस योजना को लागू करने के लिए अगले दो दिनों में एक और बैठक बुलाने का निर्णय लिया है।

Delhi की जनता से किया यह वादा 

दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने दिल्ली की जनता से यह वादा किया था। अब, सबकी नजरें अगली बैठक पर हैं। मंत्री सिरसा ने इस योजना के जरिए दिल्लीवासियों को राहत देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। यह खासकर उन परिवारों के लिए फायदेमंद होगा, जो गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों से परेशान हैं।

बता दें, कि गुरुवार को दिल्ली में नई सरकार का गठन हुआ। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट सहयोगियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापस लौटी है। वहीं, सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।

इससे पहले गुरुवार को आयुष्मान योजना को मंजूरी दी गई थी। इस योजना को मंजूरी मिलने पर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि हम आयुष्मान योजना को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह फाइल जो केंद्र सरकार को भेजी गई थी, अब वापस आ गई है। अगले सप्ताह तक आयुष्मान योजना को लागू करने का प्रयास किया जाएगा। मोहल्ला क्लीनिक में जो अनियमितताएं हैं, उनकी जानकारी मांगी गई है। दिल्ली सरकार के बड़े-बड़े हॉस्पिटलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मैं वहां दौरा करने जा रहा हूं। मैं शनिवार सुबह 10 बजे अपने सांसद के साथ आरटीआर का दौरा करूंगा।

Exit mobile version