News1India

नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर डीटीसी बस ने राहगीरों को मारी टक्कर, दो की मौत, एक की हालत गंभीर ,गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग

DTC Bus Accident Nangloi Najafgarh Road

DTC Bus Accident Nangloi Najafgarh Road:बाहरी दिल्ली के नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना निहाल विहार क्षेत्र के कमरुद्दीन नगर गांव मोड़ के पास डीटीसी की एक बस ने तीन राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे में तीनों राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दो घायलों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

मृतक की पहचान रविकांत के रूप में

पुलिस के अनुसार, इस हादसे में एक मृतक की पहचान 33 वर्षीय रविकांत के रूप में हुई है, जो निहाल विहार इलाके के रहने वाले थे। रविकांत का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह नांगलोई स्थित एक कंपनी जा रहे थे, जहां उनकी गाड़ियां चलती हैं।
इसी दौरान पीछे से आ रही डीटीसी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के समय रविकांत के भाई शाही भी पीछे से आ रहे थे। उन्होंने सड़क पर गिरी स्कूटी और बीच सड़क पर पड़े जूतों से अपने भाई की पहचान की।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद रविकांत को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें पंजाबी बाग स्थित अग्रसेन अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविकांत अपने परिवार के साथ निहाल विहार के RZF-354 पते पर रहते थे। वह मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और पांच साल की एक बेटी है।

हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने एक डीटीसी बस में आग लगा दी और करीब 6 से 7 बसों में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Exit mobile version