Site icon News1India

द्वारका में हुआ भयानक अग्निकांड आग से जान बचाने कूदे पिता-बच्चे, 3 की दर्दनाक मौत

Delhi Heavy Fire

Delhi Heavy Fire : दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित सबद अपार्टमेंट की एक बहुमंजिला इमारत में मंगलवार को दोपहर के समय भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले इमारत की सातवीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में लगी। हादसा इतना भयावह था कि आग की चपेट में आए एक परिवार के तीन सदस्य—पिता और उनके दो बच्चे—जान बचाने के प्रयास में बालकनी से नीचे कूद पड़े। गंभीर रूप से घायल होने के कारण इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आग लगते ही 10 वर्षीय एक लड़का और लड़की घबरा गए और खुद को बचाने के लिए बालकनी से कूद पड़े। दोनों को तुरंत द्वारका के आकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ समय बाद पिता यश यादव (35) भी जान बचाने के लिए नीचे कूदे। उन्हें आईजीआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी जान नहीं बचाई जा सकी।

यह भी पढ़ें : दिल्ली में झुग्गी पर सियासी संग्राम, भूमिहीन पहुंची अतिशी को पुलिस…

यश यादव फ्लेक्स बोर्ड के कारोबार से जुड़े थे। हादसे में यश की पत्नी और बड़ा बेटा किसी तरह आग से बच निकले। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और उन्हें भी आईजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से दोनों अस्पतालों में मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है ताकि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद मिल सके।

मौके पर पहुंची दमकल की आठ गाड़ियां 

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य में जुट गईं। आग पर काबू पाने का प्रयास अभी जारी है। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरी सोसायटी को खाली करा लिया गया है। वहां रह रहे सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया है। एहतियातन सोसायटी की बिजली और पीएनजी गैस की आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। साथ ही, बिल्डिंग की संरचनात्मक स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए डीडीए और एमसीडी को सूचित कर दिया गया है। यह घटना एक बार फिर से बहुमंजिला इमारतों की अग्निसुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

Exit mobile version