Site icon News1India

New Delhi रेलवे स्टेशन पर भगदड़ 15 की मौत, कई घायल, मोदी ने जताया दुख ,दिये गये जांच के आदेश

new delhi railway stationstamped

New Delhi Railway Station stampede : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म पर भीड़ बेकाबू हो गई। इस भगदड़ में 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें 10 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेशन पर इतनी भीड़ थी कि लोग ट्रेन में चढ़ने के लिए एक-दूसरे के ऊपर चढ़ने लगे। कुछ यात्रियों का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया, जिससे हालात और बिगड़ गए।

अस्पताल ने मौतों की पुष्टि की

लोक नायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ने 15 मौतों की पुष्टि की है। कई घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि घायलों को जल्द से जल्द जरूरी इलाज देने की कोशिश की जा रही है।

पीएम मोदी और राजनाथ सिंह ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

कैसे हुआ हादसा

रेलवे पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:55 बजे हुआ, जब प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी और बाकी दो ट्रेनें देरी से चल रही थीं। इसी दौरान, एक स्पेशल ट्रेन की घोषणा हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्लेटफॉर्म पहले ही भीड़ से भरा था और अचानक बड़ी संख्या में यात्री फुटओवर ब्रिज की ओर भागने लगे। नीचे से ऊपर और ऊपर से नीचे जाने वाले लोग आपस में टकराने लगे, जिससे भगदड़ मच गई।

रेलवे प्रशासन और पुलिस हरकत में

दिल्ली पुलिस कमिश्नर और रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस उपायुक्त (रेलवे) ने बताया कि रेलवे हर घंटे करीब 1,500 टिकट जारी कर रहा था, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ गई थी।

रेलवे ने दावा किया है कि सामान्य दिनों में भीड़ को संभालने की पूरी तैयारी रहती है, लेकिन शनिवार को कुछ ट्रेनें लेट होने और अचानक भीड़ बढ़ने से हालात बेकाबू हो गए।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना के तुरंत बाद राहत कार्य शुरू किए गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ जवान भी स्टेशन पर तैनात कर दिए गए हैं। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही सही कारण का पता चलेगा।

रेल मंत्री ने दिए जांच के आदेश

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए चार विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं और आगे भीड़ को नियंत्रित करने के लिए और ट्रेनें चलाई जाएंगी।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आगे से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे धैर्य रखें और रेलवे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें

Exit mobile version