Site icon News1India

Bhajan Clubbing: Gen Z संग भजन क्लबिंग में शामिल हुए पीएम मोदी, भक्ति में लीन खंजरी बजाते दिखे

PM Modi Bhajan Clubbing: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और जेन जी के लोग शामिल हुए। पीएम मोदी सामने की पंक्ति में बैठकर भजन सुनते और तालियां बजाते नजर आए।

भजनों पर झूमे जेन जी, पीएम ने बजाई खंजरी

कार्यक्रम के दौरान ‘मच गया शोर सारी नगरी रे’, ‘आरती कुंज बिहारी की’, ‘गिरधर कृष्ण मुरारी की’ और ‘गले में बैजंती माला’ जैसे भजनों की प्रस्तुति हुई। इन भजनों पर मौजूद युवा तालियां बजाते और झूमते दिखाई दिए।

कार्यक्रम के वीडियो में पीएम मोदी भी भक्ति संगीत का आनंद लेते और खंजरी बजाते नजर आए। उन्होंने बाद में सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीर और वीडियो साझा करते हुए इसे शानदार बताया।

क्या है ‘भजन क्लबिंग’?

‘भजन क्लबिंग’ पारंपरिक भजनों और कीर्तनों को आधुनिक कॉन्सर्ट जैसे माहौल में प्रस्तुत करने का एक नया प्रारूप है। इसमें लाइव म्यूजिक, स्टेज लाइटिंग, साउंड सिस्टम और सामूहिक गायन के जरिए युवाओं को भक्ति संगीत से जोड़ने की कोशिश की जाती है।

इस फॉर्मेट को खास तौर पर युवाओं और जेन जी के बीच लोकप्रियता मिल रही है। पीएम मोदी ने जनवरी 2026 में ‘मन की बात’ के दौरान भी इस ट्रेंड का उल्लेख किया था और इसे भक्ति, संस्कृति, अध्यात्म और आधुनिकता के मेल के तौर पर बताया था।

दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर आयोजन

यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर आयोजित किया गया। दीनदयाल उपाध्याय भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और उनके विचारों में ‘अंत्योदय’ की अवधारणा का महत्वपूर्ण स्थान है।

पीएम मोदी ने भी इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी और उनके अंत्योदय दर्शन का उल्लेख किया।

Exit mobile version