Site icon News1India

New PMO: कब बदलेगा सत्ता का पता, तैयार हुआ प्रधानमंत्री का नया कार्यालय ,क्या बदलने जा रहा पीएम आवास

PM New Office And Residence: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नया कार्यालय अब लगभग बनकर तैयार हो चुका है। फिलहाल इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है और उम्मीद है कि इसी महीने प्रधानमंत्री नए दफ्तर से काम शुरू कर सकते हैं। यह नया कार्यालय “सेवा तीर्थ परिसर” में बनाया गया है, जहां प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय को एक साथ जगह दी गई है। यह पूरा परिसर विजय चौक के पास रायसीना हिल के नीचे विकसित किया गया है।

इसी इलाके में प्रधानमंत्री के नए आवास का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री का निवास भी यहीं शिफ्ट हो जाएगा। यानी आने वाले समय में प्रधानमंत्री का दफ्तर और घर, दोनों एक ही परिसर में होंगे। हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब प्रधानमंत्री आवास का पता बदलने जा रहा हो। आजादी के बाद कई बार प्रधानमंत्री के निवास स्थान बदले हैं।

फिलहाल कहां रहते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 लोक कल्याण मार्ग में रहते हैं। साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से वे यहीं निवास कर रहे हैं। पहले इस पते को 7 रेस कोर्स रोड कहा जाता था। बाद में इसका नाम बदलकर लोक कल्याण मार्ग कर दिया गया। यह जगह अब प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के तौर पर पहचानी जाती है।

7 रेस कोर्स रोड कैसे बना पीएम आवास

दरअसल, साल 1940 में इस इलाके में दिल्ली रेस क्लब का रेस कोर्स हुआ करता था, जहां घुड़दौड़ होती थी। इसी वजह से सड़क का नाम रेस कोर्स रोड पड़ा। 1980 के दशक में लुटियंस दिल्ली में पांच बंगले बनाए गए, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास के लिए तैयार किया गया। 1984 में राजीव गांधी पहले प्रधानमंत्री बने, जिन्होंने 7 रेस कोर्स रोड को स्थायी निवास के रूप में अपनाया।

आजादी के बाद पहले प्रधानमंत्री कहां रहते थे

भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू तीन मूर्ति भवन में रहते थे। यह भवन ब्रिटिश दौर में सेना के कमांडर-इन-चीफ का घर था। नेहरू के निधन के बाद इसे संग्रहालय में बदल दिया गया। दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री 10 जनपथ में रहते थे। बाद में यह भवन कांग्रेस पार्टी को दे दिया गया।

इंदिरा गांधी और सफदरजंग रोड का इतिहास

प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सफदरजंग रोड स्थित एक बंगले में रहती थीं। 31 अक्टूबर 1984 को इसी घर के बगीचे में उनकी हत्या हुई थी। इसके बाद इस बंगले को इंदिरा गांधी स्मारक और संग्रहालय में बदल दिया गया, जो आज भी इतिहास की याद दिलाता है।

7 लोक कल्याण मार्ग की बनावट और खासियत

7 लोक कल्याण मार्ग सिर्फ एक बंगला नहीं, बल्कि करीब 12 एकड़ में फैला पूरा परिसर है। इसमें 1, 3, 5, 7 और 9 नंबर के पांच बंगले शामिल हैं। 5 नंबर बंगला प्रधानमंत्री का निजी निवास है, 7 नंबर में उनका कार्यालय है और 9 नंबर में एसपीजी के जवान रहते हैं। परिसर में हरियाली, खुले लॉन और सादगी इसकी पहचान है।

आगे क्या बदलेगा

सेवा तीर्थ परिसर के पूरी तरह तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री का दफ्तर और आवास एक ही जगह होंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और कामकाज में भी आसानी होगी। यह बदलाव आजाद भारत की सत्ता व्यवस्था के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।

Exit mobile version