Site icon News1India

पंजाब के सियासी रण में दिग्गजों को आप ने किया साफ, पूर्व-मुख्यमंत्रियों को भी करना पड़ा हार का सामना

चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को दोनों सीटों भदौर और चमकौर साहिब पर हार का सामना करना पड़ा। चरणजीत सिंह चन्नी को भदौड़ सीट से लाभ सिंह उगोके ने शिकस्त दी। आपको बता दें कि लाभ सिंह ने 2013 में आप का दामन थामा था। वहीं अगर बात करें चमकौर सीट की तो वहां आप के उमीदवार और पेशे से डॉक्टर चरणजीत सिंह ने चन्नी को भारी मतों से धूल चटा दी।

नवजोत सिंह सिद्धू पूर्व क्रिकेटर इस बार अमृतसर पूर्व सीट से चुनाव मैदान में थे। उनकी लड़ाई आम आदमी पार्टी की जीवनजोत कौर से थी, जिन्होंने इस चुनाव में सिद्धू को सियासी रण में पछाड़कर जीत का परचम लहराया। वहीं दूसरी तरफ आप नेत्री ने शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रम सिंह मजीठिया को हराकर एक नया इतिहास रचा।

पंजाब की सियासत में एक और बड़ा उलटफेर हुआ है। 5 बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज रहे प्रकाश सिंह बादल भी चुनाव हार गए।
आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुडियां ने बादल को हरा दिया। गुरमीत सिंह खुडियां के पिता जगदेव सिंह खुडियां 1989 में फरीदकोट सीट से सांसद रह चुके हैं। बता दें कि गुरमीत सिंह पहले कांग्रेस में थी लेकिन राजनीतिक मतभेद के चलते पार्टी से बागी हो इस बार आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ी और जीत का परचम लहराया है।

सुखबीर सिंह बादल भी पंजाब के सियासी रण में अपनी सीट बचाने में कामयाब नहीं हो पाए। बता दें कि सुखबीर सिंह बादल प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं। सुखबीर बादल जलालाबाद सीट से चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतरे थे। उन्हें आप उम्मीदवार जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने हरा दिया। जगदीप सिंह पेशे से वकील हैं और पहले कांग्रेस पार्टी में थे।

कांग्रेस से बागी हुए कप्तान अमरिंदर सिंह को भी हार का मुंह देखना पड़ा। अमरिंदर सिंह इस बार पटियाला शहर से चुनाव मैदान में उतरे थे उन्हें आप नेता अजीतपाल कोहली ने शिकस्त दे डाली। अजीतपाल पहले अकाली दल की सरकार में पटियाला के मेयर भी रह चुके हैं।

निशांत दीक्षित

Exit mobile version