Site icon News1India

हाजीपुर-महनार रोड पर दर्दनाक हादसा,अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत,सड़क जाम कर लोगों ने किया हंगामा

Hajipur Mahnar Road Accident

Hajipur Mahnar Road Accident:हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाइवा सड़क से करीब 20 फीट नीचे उतरकर एक चाय दुकान में जा घुसी।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मथुरा गांव निवासी प्रमोद सिंह के 22 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि संजीत कुमार हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फ्लोर मिल में नाइट ड्यूटी करता था। गुरुवार की सुबह ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही संजीत कुमार मधुरापुर स्थित महिला दूध केंद्र के पास मोड़ पर पहुंचा, हाजीपुर की ओर से महनार जा रही तेज रफ्तार हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीत सड़क पर गिर पड़ा और हाइवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद हाइवा सीधे सड़क किनारे बनी चाय दुकान में जा घुसी।

हादसे में चाय दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान के बाहर खड़ी साइकिल, मोटरसाइकिल और कुर्सियां भी हाइवा की चपेट में आ गईं। वाहन में बालू लदा होने के कारण नुकसान और अधिक हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान पर मौजूद लोग समय रहते भाग निकले, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल संजीत कुमार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिदुपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए। संजीत कुमार दो भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था।

हादसे से नाराज लोगों ने हाजीपुर-महनार रोड को जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन संवेदक द्वारा न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सूचना पर बिदुपुर थाना अध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Exit mobile version