Site icon News1India

Gurugram News: गुरुग्राम में सिगरेट पीने वालों को झटका! सड़क, पार्क और बस स्टैंड पर पकड़े गए तो लगेगा 200 रुपये जुर्माना

Gurugram No Smoking Zone Rules: अगर आप गुरुग्राम में रहते हैं या रोजाना यहां आते-जाते हैं और सड़क किनारे, पार्क या बस स्टैंड पर सिगरेट पीने की आदत है तो अब सावधान हो जाइए। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम धूम्रपान करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थानों और पार्कों को नो-स्मोकिंग जोन घोषित कर दिया है।

नगर निगम आयुक्त पंकज की ओर से 23 नवंबर को जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। नियमों का उल्लंघन करते हुए बीड़ी या सिगरेट पीने वालों पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान रोकना और लोगों को दूसरे के सिगरेट के धुएं से होने वाले नुकसान से बचाना है।

कहां-कहां सिगरेट पीने पर रहेगी रोक?

नगर निगम का यह आदेश शहर की सीमा में आने वाले सभी सार्वजनिक स्थानों पर लागू होगा। इसके तहत सड़क, बाजार, बस स्टॉप और मेट्रो स्टेशन पर धूम्रपान करने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और ओपन जिम भी नो-स्मोकिंग जोन घोषित किए गए हैं। पार्कों में बने शेड, गजिबो और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के आसपास भी सिगरेट पीने पर रोक रहेगी।

नगर निगम के कार्यालय, कम्युनिटी सेंटर, लाइब्रेरी, डिस्पेंसरी, पार्किंग एरिया और सार्वजनिक शौचालय भी इस प्रतिबंध के दायरे में शामिल हैं।

बीड़ी के टुकड़े फेंकने पर भी कार्रवाई

नगर निगम ने अपने आदेश में केवल धूम्रपान पर ही रोक नहीं लगाई है, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट और बीड़ी के बचे हुए टुकड़े फेंकने तथा तंबाकू खाकर थूकने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी गतिविधियों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलती है। इसके लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 और नगर निगम के संबंधित नियमों के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है। बार-बार नियम तोड़ने पर हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 के तहत भी कार्रवाई हो सकती है।

15 दिन में लगेंगे नो-स्मोकिंग के बोर्ड

नए नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी सार्वजनिक स्थानों पर नो-स्मोकिंग जोन के बोर्ड लगाने का निर्देश दिया है। इससे लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्रों की जानकारी मिल सकेगी और नियमों का पालन कराना आसान होगा।

क्या बंद होगा MG रोड का स्मोकिंग जोन?

गुरुग्राम के MG रोड पर कुछ समय पहले एक अलग स्मोकिंग जोन बनाया गया था। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, MG रोड पर बनाया गया स्मोकिंग जोन फिलहाल चालू रहेगा।

यह स्मोकिंग जोन गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) की ओर से तैयार किया गया था। ऐसे में फिलहाल लोग निर्धारित स्मोकिंग जोन में ही धूम्रपान कर सकेंगे।

दिल्ली-नोएडा में भी लागू है प्रतिबंध

सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को लेकर दिल्ली और नोएडा में भी पहले से नियम लागू हैं। सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 की धारा 4 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है।

इस नियम का उल्लंघन करने पर 200 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। अब गुरुग्राम नगर निगम के नए आदेश के बाद शहर में भी सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ने वाली है।

Exit mobile version