Indore wedding car accident:मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दुल्हन लेकर लौट रही बारात की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दर्दनाक घटना खुड़ैल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात एक शादी समारोह से लौट रही थी और कार में कुल 11 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक आईसर वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे आ रही दूसरी बारात की कार भी उसमें जा घुसी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
इस हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंच गए। घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। अपनों की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन में आग लगाने का प्रयास भी किया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है, जहां एक छोटी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल देती है।








