Jamshedpur News:जमशेदपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के पास स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो से आग की लपटें उठती देखकर चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। उसने बिना देर किए सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया। उसकी तत्परता से कई मासूमों की जान बच गई। हालांकि, आग की चपेट में आने से ऑटो और बच्चों के स्कूल बैग जलकर राख हो गए।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
घटनास्थल पर पहुंचे स्कूल वाहन संचालक समिति के अध्यक्ष संतोष मंडल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक ऑटो में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। घटना के समय वाहन में स्कूली बच्चे सवार थे। आग लगते ही चालक ने घबराने के बजाय सबसे पहले बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरे ऑटो और उसमें रखे बैग को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि सभी बच्चे समय रहते बाहर निकाल लिए गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
सप्ताह में दूसरा हादसा
स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों से जुड़ी यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 11 नवंबर को टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा के पास तेज रफ्तार कार ने बच्चों को ले जा रहे निजी ऑटो को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद ऑटो तीन बार पलट गया था। उस हादसे में 12 विद्यार्थी घायल हुए थे। इनमें तीन बच्चों को गंभीर हालत में टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
पहले भी लगी थी आग
स्कूली वाहनों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्ष 30 जनवरी को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के पास बेल्डीह चर्च स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक वैन में अचानक आग लग गई थी। उस समय भी चालक की सूझबूझ से बच्चों की जान बच गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूली ऑटो और वैन की तकनीकी जांच, फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

