Site icon News1India

जयंत चौधरी ने जमकर साधा भाजपा पर निशाना, कहा-“मौसम इतना खराब हो गया है कि पीएम का बिजनौर दौरा ही रद्द कर दिया”

मेरठ: आज मेरठ पहुंचे आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। जयंत चौधरी ने मोदी के बिजनौर दौरे के रद्द होने पर चुटकी लेते हुए कहा कि एक तरफ तो योगी कहते हैं कि सर्दी कर दूंगा और शिमला बना दूंगा लेकिन बिजनौर में तो कड़ी धूप निकली हुई है। जयंत ने कहा कि पीएम ने 5 साल पहले बिजनौर में वादा किया था कि वो चौधरी चरण सिंह के नाम से किसानों के लिए विशेष योजना लाएंगे लेकिन 5 साल हो गए ना तो कोई योजना बनी और ना ही आज तक बिजनौर का नाम लिया। जयंत ने कहा कि लोगो को उत्सुकता थी कि आज पीएम बिजनौर आएंगे तो उनसे सवाल किया जाएगा और वो जवाब देंगे। लेकिन भाजपा का मौसम इतना खराब हो गया है कि उन्होंने बिजनौर का दौरा ही रद्द कर दिया।

दरअसल आज जयंत चौधरी मेरठ कैंट विधानसभा के कंकर खेड़ा पहुंचे थे। यहां उन्होंने पार्टी की प्रत्याशी मनीषा अहलावत के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान जयंत भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। जयंत चौधरी ने कहा कि “भाजपा ने लट्ठ मार शासन दिया है। उन्होंने कहा अगर आप लोग गठबंधन की सरकार बनाओगे तो कभी आप पर लट्ठ नहीं चलेगा। इसके अलावा जयंत ने कहा कि हम लोग हनुमान की तरह अपनी ताकत भूल गए हैं। इस बार आप लोगों को अपनी ताकत दिखानी है।”

इस दौरान जयंत चौधरी ने सीएम योगी पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री के पद की गरिमा होती है। कोई शासक नहीं चाहता कि मेरे क्षेत्र में तनाव हो। जयंत ने कहा कि चुनाव संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का चुनाव है और यह चुनाव मान सम्मान का चुनाव है।

Exit mobile version