Karnataka Kalaburagi Blast:कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के आलंद तालुक स्थित मटकी टांडा में पारिवारिक विवाद ने मंगलवार को बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया। पुणे की स्टोन खदान में रॉक-ब्लास्टिंग का काम करने वाले 49 वर्षीय शिवलाल बलिराम राठौड़ ने कथित तौर पर विस्फोटक का इस्तेमाल कर खुद को और अपनी 15 वर्षीय बेटी वीरा को मौत के घाट उतार दिया। धमाके में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार और रिश्तेदारों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पत्नी से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार शिवलाल और उसकी 40 वर्षीय पत्नी सविता के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। लगातार होने वाले झगड़ों से परेशान होकर सविता कुछ समय पहले बच्चों के साथ घर छोड़कर एक रिश्तेदार के यहां रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि शिवलाल पुणे के पास एक पत्थर की खदान में काम करता था। वहां उसका काम चट्टानों की ब्लास्टिंग से जुड़ा था और इसी वजह से वह विस्फोटक पदार्थों के संपर्क में रहता था।
रिश्तेदार के घर पहुंचा
मंगलवार सुबह शिवलाल पुणे से सीधे उस घर पहुंचा, जहां उसकी पत्नी और बच्चे रह रहे थे। वहां पहुंचने के बाद पति-पत्नी के बीच तीखी बहस होने लगी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान शिवलाल ने कथित तौर पर अपने साथ लाए विस्फोटक को शरीर के पास बांध लिया। इसके बाद वह घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही देर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल गया और घर को भारी नुकसान पहुंचा।
पिता-बेटी की मौत
धमाका इतना शक्तिशाली था कि शिवलाल और उसकी 15 वर्षीय बेटी वीरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की चपेट में आने से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। पड़ोस में मौजूद दो लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पांच लोग अस्पताल में
घटना में शिवलाल की पत्नी सविता, 19 वर्षीय बेटा प्रकाश, रिश्तेदार 30 वर्षीय सुरेखा चव्हाण, उनके 12 वर्षीय बेटे विवेक चव्हाण और नितेश घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए कलबुर्गी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन दल मौके पर पहुंच गए। आलंद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिवलाल विस्फोटक लेकर रिश्तेदार के घर क्यों पहुंचा और घटना से पहले वहां वास्तव में क्या हुआ था।
