Site icon News1India

MP: चायवाले ने बीच सड़क पर रोकी BJP विधायक की गाड़ी, बोला- साहब मेरे बकाया 30 हजार रुपए दे दो

MP: प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में, भाजपा विधायक को एक चायवाले ने 30,000 रुपये का बकाया लेने के लिए बीच सड़क पर रोक दिया. इतना ही नहीं उनकी गाड़ी रुकवाकर विधायक जी को जमकर खरी-खोटी सुनाई दी. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जिले के इछावर विधानसभा स्थित बरखेड़ी गांव का है.

दरअसल जिले की इछावर विधानसभा से BJP विधायक करण सिंह वर्मा एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम बरखेड़ी जा रहे थे. इस दौरान एक चायवाले ने कुछ लोगों के साथ विधायक के काफिले को रोक लिया और चाय के 30 हजार रुपये की मांग करने लगा. वीडियो में चायवाला वाला बताता है कि साल 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान BJP प्रत्याशी करण सिंह वर्मा के समर्थकों को चाय पिलाई थी.

वहीं विधायक पर 30 हजार रुपए बकाया है. अब करीब 4 साल बाद जब विधायक वर्मा एक कार्यक्रम के सिलसिले में उस इलाके में गए तो चायवाले ने उन्हें पैसे की याद दिला दी. वीडियो में चायवाला विधायक जी की गाड़ी रोककर कहता है, यह विधायक पैसा नहीं दे रहे, बहुत समय हो गया. अब 4 साल बाद आए हैं. गरीब चायवाले का पैसा नहीं दे रहे हैं. यह सुनते ही विधायक कहते हैं कि मैंने सारे पैसे दे दिए थे.

युवक मुझे ब्लैकमेल कर रहा है- BJP विधायक

इसके बाद चायवाला BJP विधायक से कहता है कि, आपने तो कहा था कि बेटा, चाय बना दो, जो भी परेशानी हो उसके लिए मैं हूं. कितनी बार आपके पास आया हूं, जितनी दफा चक्कर लगा चुका हूं, तभी विधायक जी ने कहा आप परसों आइए, इस घटना का पूरा वीडियो बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस मामले पर BJP विधायक करण सिंह वर्मा ने कहा, युवक मुझे ब्लैकमेल कर रहा है, कार्यकर्ताओं उन्हें दो बार 30 हजार रुपये की राशि दे चुके हैं और चुनावी साल ऐसे वीडियो निकाले जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें – Health Tips: स्लो पॉइजन का काम करती हैं किचन में मौजूद ये खाने की चीजें, कम करें इन इनग्रेडिएंट्स का सेवन

Exit mobile version