Site icon News1India

‘बाबरी मस्जिद नहीं, राम जन्मभूमि चाहिए, जब तक मोदी जी है आप कभी…’, विजय संकल्प यात्रा में राहुल पर बरसे सीएम सरमा

कर्नाटक। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कर्नाटक के कनकगिरी में विजय संकल्प यात्रा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए बीजेपी को सत्ता में लाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें अब बाबरी मस्जिद नहीं चाहिए, हमें राम जन्मभूमि चाहिए। हमें बीजेपी को सत्ता में लाना है। वहीं हिमंत बिस्वा ने लंदन में दिए बयान को लेकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि जब तक मोदी जी हैं, राहुल गांधी कभी पीएम नहीं बन सकते। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेश में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल ने लंदन में भारत को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि “जब तक मोदी जी हैं, आप कभी पीएम नहीं बन पाएंगे।

बिस्वा सरमा ने आगे कहा कि राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए कर्नाटक आते हैं और लंदन में ‘भारत तोड़ो’ को लेकर बात करते हैं। जब वे कर्नाटक आए तो मैंने उनसे पूछा था कि आज भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, लेकिन 1947 में भारत को तोड़ा किसने था? आपके नाना ने” वहीं “राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर भारत को अपमानित किया, लेकिन मोदी जी जहां भी जाते हैं, हमारी मातृभूमि की तारीफ करते हैं।”

बिस्वा सरमा का यह बयान ऐसे समय में आया, जब सोमवार को ही ब्रिटेन में राहुल गांधी के बयान पर संसद में जमकर हंगामा हुआ। एनडीए सरकार के कई मंत्रियों ने राहुल पर भारत की न्यायपालिका, सेना और संसद को विदेशी धरती पर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की बात कही। वहीं कांग्रेस ने राहुल गांधी पर हमले का जोरदार विरोध किया। राज्यसभा में राहुल गांधी का नाम लिए जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भड़क उठे। इस हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

Exit mobile version