Site icon News1India

पोस्टल बैलेट में सपा को मिले 51.5 फीसदी वोट, अखिलेश यादव ने कहा-“सत्ताधारी याद रखें, छल से बल नहीं मिलता”

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। बीजेपी एक बार फिरसे सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी बन गयी है। नतीजे आने के बाद से समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उसका लगातार विश्लेषण कर रहे हैं। उन्होंने अब दावा किया है कि सपा को पोस्टल बैलेट के 51.5 फीसदी वोट मिले है। उनका कहना है कि इस आधार पर सपा गठबंधन को 304 सीटों पर जीत मिली।

अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में लिखा,”पोस्टल बैलेट में सपा-गठबंधन को मिले 51.5 फीसदी वोट और उनके हिसाब से 304 सीटों पर हुई सपा-गठबंधन की जीत चुनाव का सच बयान कर रही है। पोस्टल बैलेट डालने वाले हर उस सच्चे सरकारीकर्मी, शिक्षक और मतदाता का धन्यवाद जिसने पूरी ईमानदारी से हमें वोट दिया। सत्ताधारी याद रखें, छल से बल नहीं मिलता!”

इससे पहले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य भी इसी तरह का दावा कर चुके हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ”बैलेट पेपर की वोटिंग में समाजवादी पार्टी 304 सीटों पर जीती है, जबकि बीजेपी मात्र 99 पर। किंतु ईवीएम की गिनती में बीजेपी चुनाव जीती,इसका मतलब है कोई न कोई बड़ा खेल हुआ है।”

माना जा रहा है कि सपा और उसके सहयोगियों को पोस्टल बैलेट में अधिक वोट मिलने के कारण उसके द्वारा यह दावा किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में बीजेपी को 255, अपना दल (सोनेलाल) को 12, निषाद पार्टी को 6, सपा के 111, सुभासुपा को 6 और आरएलडी को 8 सीटें मिली हैं।

Exit mobile version