Site icon News1India

UP Election Result 2022: जीत के बाद, बीजेपी संसदीय बोर्ड के मेंबर बन सकते हैं योगी आदित्यनाथ

नई दिल्ली। अगर रुझान नतीजों में तब्दील हुए तो हाई कमान योगी आदित्यनाथ का पार्टी में कद और बढ़ा सकता है. योगी आदित्यनाथ बीजेपी संसदीय बोर्ड के मेंबर बनाए जा सकते हैं. होली के आसपास बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा संसदीय बोर्ड का पुनर्गठन करेंगे, जिसमें योगी आदित्यनाथ को बोर्ड में शामिल किया जा सकता है. पार्टी में योगी आदित्यनाथ का कद लगातार बढ़ रहा है. इसकी घोषणा 18-20 मार्च के आसपास हो जाएगी.

यूपी में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी का जादू चलता दिख रहा है. अभी तक के रुझान के हिसाब से बीजेपी यूपी में बहुमत हासिल करती दिख रही है. अभी तक 403 में से 399 सीटों पर जो रुझान आए हैं उस हिसाब से बीजेपी 274 सीटों पर आगे चल रही है. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है. वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की हर कोशिश फेल साबित होती दिख रही है. कांग्रेस का प्रदर्शन एक बार फिर बहुत निराशानजक रहा है.

बता दें कि बीजेपी को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरएलडी समेत कुल 10 दलों से गठबंधन किया था, लेकिन उनका यह एक्सपेरिमेंट सच साबित होता नहीं दिख रहा है. अभी तक के रुझान में गठबंधन 118 सीटों पर ही आगे चल रही है. पार्टी को जिस वेस्टर्न यूपी बेल्ट में सबसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, वहां भी उम्मीद के मुताबिक कामयाबी मिलती नहीं दिख रही है।

वहीं बीजेपी एक बार फिर अपने दम पर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है. रुझान के हिसाब से सुबह 11 बजे तक बीजेपी को 274 सीटों पर बढ़त मिली हुई थी. सरकार बनाने के लिए 202 सीटों की जरूरत है, लेकिन पार्टी ने खुद 274 सीटों पर बढ़त बना ली है. इस तरह पार्टी बहुमत के करीब नजर आ रही है. ऐसा यूपी में पहली बार होगा कि कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आएगी।

Exit mobile version