Site icon News1India

Seat Deal: अखिलेश की कांग्रेस को नसीहत- सीट नहीं जीत की बात करो, पीडीए प्रत्याशी बनाएं; क्या गठबंधन टूटने की कगार पर?

Akhilesh Congress seat sharing

Akhilesh Congress seat sharing:लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों का गुणा-गणित तेज हो गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस से अपील की है कि वे सीट के बंटवारे की जगह जीत के समीकरण पर विचार करें। अखिलेश ने साफ कहा कि गठबंधन के प्रत्याशी को पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश करना चाहिए, जिससे भाजपा को हराया जा सके।

क्या है अखिलेश का सीट फॉर्मूला?

अखिलेश ने लिखा कि दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर भाजपा को हमेशा के लिए हरा सकती हैं। उन्होंने कहा कि जितनी भी सीटें दोनों दल लड़ें, उनमें जीतने वाली सीटें हारने वाली सीटों से अधिक होनी चाहिए। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस की ओर से 26 सीटों पर बात हो चुकी है, अब बाकी संभावित सीटें भी चिह्नित करके भेजी जाएं। फिर मिलकर तय होगा कि किस सीट पर कौन जीत सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा कांग्रेस को ऐसी जीतने वाली सीटें भी बता सकती है, जिन पर उसने विचार ही नहीं किया।

पीडीए प्रत्याशी पर क्यों जोर?

अखिलेश यादव ने कहा कि बड़े नेताओं की बैठक में सभी सीटों पर ‘इंडिया’ ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में बात होनी चाहिए, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी बात यह होगी कि हम अपने प्रत्याशी को पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश करें। अखिलेश ने लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने पीडीए के साथ पूरा सहयोग किया था, जिससे भाजपा को धूल चटाई गई थी। उन्होंने कहा कि जमीनी सर्वेक्षण से साफ है कि हर गांव और मोहल्ले तक यह बात पहुंच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है।

क्या सीट बंटवारे में बदलाव होगा?

अखिलेश ने कहा कि वे सीट का बंटवारा ‘हमारे-तुम्हारे’ के भाव से नहीं, बल्कि सीट समायोजन कहना चाहते हैं। कठिन समीकरण वाली सीटों पर दो प्रत्याशियों पर विचार करके जिसकी अधिक संभावना होगी, उसे चुनकर मिलकर जिताया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार नहीं थोपे जाने चाहिए, बल्कि सहमति से तय होने चाहिए। अखिलेश ने कहा कि सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है, इसलिए कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। कुछ सीटों पर बदलाव भी करने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें सीट नहीं मिल रही है, उन्हें निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि सरकार बनने पर सबको सम्मान मिलेगा। अखिलेश ने कहा कि दोनों दलों के मिलने से तैयारी 806 सीटों के बराबर की है और देश की जनता उनसे बड़ी उम्मीद लगाए बैठी है।

Exit mobile version